जुआ फड़ पर पुलिस का बड़ा छापा: 12 आरोपी रंगे हाथों गिरफ्तार, नगदी और वाहनों समेत लाखों का माल जब्त

जगदलपुर. बस्तर पुलिस द्वारा असामाजिक तत्वों और अवैध जुआ-सट्टा के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत थाना बोधघाट पुलिस और पैंथर टीम की संयुक्त टीम को बड़ी सफलता हासिल हुई है. पुलिस ने मुखबिर की सटीक सूचना पर आकाश नगर चौक और आकाश नगर स्थित पानी टंकी के पास घेराबंदी कर ताश के पत्तों पर हार-जीत का दांव लगा रहे 12 जुआरियों को रंगे हाथों गिरफ्तार किया है. मौके से नगदी रकम, मोबाइल और गाड़ियों सहित कुल 5,36,080 रुपये का सामान जब्त किया गया है.

​पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि बोधघाट क्षेत्र के इन दोनों स्थानों पर बड़े पैमाने पर जुआ खेला जा रहा है. सूचना की तस्दीक के बाद पुलिस की संयुक्त टीम ने अचानक दबिश दी. पुलिस की अचानक घेराबंदी देख जुआरियों ने भागने का प्रयास किया, लेकिन मुस्तैद जवानों ने सभी 12 आरोपियों को मौके पर ही धर दबोचा. कार्रवाई के दौरान पुलिस ने मौके से 44,080 रुपये नगद, 12 मोबाइल फोन, ताश की गड्डियां, दरी और 3 दोपहिया वाहन (बुलेट, पल्सर एन.एस. और एक्टिवा) जब्त किए हैं. गिरफ्तार आरोपियों में जगदलपुर के शांतिनगर, राजीव गांधी वार्ड, आकाश नगर और हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी के निवासी शामिल हैं. पुलिस ने सभी आरोपियों के खिलाफ सार्वजनिक जुआ अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है. इसके साथ ही इस अवैध नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों का पता लगाने के लिए विवेचना की जा रही है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

BastarFiles