दंतेवाड़ा (लुभम निर्मलकर). जिले के सातधार–नकुलनार मार्ग पर मसेनार के पास बीती देर रात एक ट्रेलर अनियंत्रित होकर पलट गया. हादसा रात करीब 12 बजे हुआ. दुर्घटना में किसी प्रकार की जनहानि की सूचना नहीं है, हालांकि ट्रेलर पलटने से मार्ग पर डेढ़ से दो घंटे तक यातायात बाधित रहा.
जानकारी के अनुसार, ट्रेलर बेंगलुरु से बचेली की ओर जा रहा था और उसमें NMDC का कन्वेयर बेल्ट लोड था. ट्रेलर पलटने के बाद भारी कन्वेयर बेल्ट सड़क पर गिर गया, जिससे सड़क पूरी तरह अवरुद्ध हो गई. घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और यातायात व्यवस्था संभालते हुए मार्ग बहाल कराने की कार्रवाई शुरू की. मंगलवार सुबह हाइड्रा मशीन की मदद से पलटे हुए ट्रेलर और सड़क पर गिरे कन्वेयर बेल्ट को हटाया गया, जिसके बाद यातायात सुचारु रूप से शुरू हो सका. पुलिस मामले की जांच कर आवश्यक कार्रवाई कर रही है. प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, दुर्घटना में कोई हताहत नहीं हुआ है.