दंतेवाड़ा (लुभम निर्मलकर). जिले के भांसी थाना क्षेत्र अंतर्गत धुरली के पास आज मंगलवार तड़के एक भीषण सड़क हादसा हो गया. सुबह करीब 4:30 बजे यात्रियों से भरी महेंद्रा ट्रेवल्स की बस अचानक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पलट गई. हादसा इतना जबरदस्त था कि सुबह की खामोशी के बीच यात्रियों की चीख-पुकार से पूरा इलाका दहल उठा. इस दर्दनाक दुर्घटना में 10 से 12 यात्री घायल हो गए हैं.
घटना की जानकारी मिलते ही भांसी में तैनात जवानों ने बिना वक्त गंवाए तत्काल मौके पर पहुंचकर मोर्चा संभाला. जवानों ने अदम्य साहस और तत्परता का परिचय देते हुए राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया और बस में फंसे यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाला.

हादसे के तुरंत बाद सभी घायलों को इलाज के लिए नजदीकी अस्पतालों में पहुंचाया गया. कुछ यात्रियों को दंतेवाड़ा जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जबकि अन्य घायलों का बचेली अस्पताल में उपचार जारी है. डॉक्टरों की टीम घायलों की स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए है. फिलहाल दुर्घटना के सटीक कारणों का पता नहीं चल सका है. भांसी थाना पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है.