जगदलपुर. जिला बस्तर पुलिस प्रशासनिक व्यवस्था को दुरुस्त करने और कानून व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाने के उद्देश्य से पुलिस अधीक्षक शलभ कुमार सिन्हा ने बड़े पैमाने पर निरीक्षकों के प्रभार में बदलाव किया है. आदेश के तहत जिले के 13 निरीक्षकों का स्थानांतरण कर उन्हें नई पदस्थापना सौंपी गई है.
इस फेरबदल में साइबर सेल के प्रभारी निरीक्षक भोला सिंह को थाना प्रभारी परपा बनाया गया है, जबकि रक्षित केंद्र जगदलपुर से निरीक्षक सागर पाठक को सायबर सेल की कमान सौंपी गई है. वहीं नगरनार थाना प्रभारी निरीक्षक संतोष सिंह को थाना प्रभारी बस्तर और बकावण्ड थाना प्रभारी निरीक्षक विकेश तिवारी को थाना प्रभारी नगरनार की जिम्मेदारी दी गई है. रक्षित केंद्र में पदस्थ रहे निरीक्षक भेख लाल चन्द्राकर को लोहण्डीगुड़ा थाना प्रभारी और यातायात शाखा जगदलपुर से निरीक्षक दिलबाग सिंह को करपावण्ड थाना प्रभारी बनाया गया है.

इसके साथ ही शिकायत शाखा प्रभारी निरीक्षक भोज कुमार गुप्ता को बकावण्ड थाना प्रभारी नियुक्त किया गया है. महिला थाना की जिम्मेदारी अब रक्षित केंद्र से आई निरीक्षक अंजना केरकेट्टा संभालेंगी, जबकि पूर्व महिला थाना प्रभारी निरीक्षक राजकुमारी पाण्डेय को शिकायत शाखा का प्रभार दिया गया है.
विशिष्ट शाखाओं की बात करें तो रक्षित केंद्र जगदलपुर से निरीक्षक शशांक सिंह ठाकुर को ए.एन.टी.एफ., निरीक्षक तामेश साहू को जिला विशेष शाखा और निरीक्षक संजय खेस्स को नक्सल सेल का प्रभारी बनाया गया है. वहीं रक्षित केंद्र से निरीक्षक कमलेश देवांगन को यातायात शाखा जगदलपुर में पदस्थ किया गया है.