जगदलपुर (डेस्क) – बस्तर जिले के करपावंड थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम चोकनार में बीते कल बुधवार को एक बेहद दुखद हादसा हो गया. जंगल में मधुमक्खियों के झुंड के हमले से बचने के लिए तालाब में छलांग लगाने वाले एक पिता और पुत्र की डूबने से दर्दनाक मौत हो गई. इस घटना से पूरे गांव में गहरा मातम छा गया है.
मधुमक्खियों के हमले से बचने के लिए लगाई थी छलांग
करपावंड टीआई ने घटना की जानकारी देते हुए बताया कि मृतक पिता भुवनेश्वर पटेल (60) और पुत्र विनोद पटेल (35) बीते कल बुधवार को गांव के पास के जंगल में घास काटने के लिए गए थे. इसी दौरान अचानक मधुमक्खियों के एक बड़े झुंड ने उन पर हमला कर दिया. मधुमक्खियों के डंक से घबराकर और जान बचाने के लिए पिता-पुत्र ने दौड़कर पास के एक तालाब में छलांग लगा दी.
काफी देर तक नही आए बाहर
बताया जा रहा है कि मधुमक्खियों के हमले से बचने के लिए दोनों ने तालाब में काफी गहराई तक डुबकी लगाई, लेकिन काफी देर बीत जाने के बाद भी वे पानी से बाहर नहीं आ पाए. आस-पास के लोगों ने जब दोनों को बाहर निकालने की कोशिश की, तब तक दोनों की डूबने से मौत हो चुकी थी.
पुलिस के द्वारा आवश्यक कार्रवाई करते हुए मामले की जांच की जा रही है. एक साथ पिता और पुत्र की मौत से गांव में शोक की लहर दौड़ गई है.