26 वर्षो की निष्कलंक सेवा के बाद प्रथम महिला नगर सैनिक कलावती साहू सेवानिवृत्त, भावुक माहौल में दी गई विदाई…….

बस्तर- जगदलपुर नगर सेना के इतिहास में अपनी अलग पहचान बनाने वाली प्रथम महिला नगर सैनिक कलावती साहू 30 जून को 26 वर्षों की गौरवपूर्ण सेवा के बाद सेवानिवृत्त हो गई. नगर सैनिक लाइन जगदलपुर में आयोजित विदाई समारोह में नगर सेना प्रभारी संतोष मार्बल सहित अधिकारी, कर्मचारी एवं साथी नगर सैनिकों ने उन्हें भावभीनी विदाई देते हुए उनके समर्पण, अनुशासन और कर्तव्यनिष्ठा की सराहना की. इस दौरान समारोह का माहौल भावुक हो गया और सभी ने उनके स्वस्थ एवं सुखद भविष्य की कामना की.

जगदलपुर के भैरमदेव वार्ड क्रमांक-4 निवासी कलावती साहू, पति स्वर्गीय घनश्याम साहू, की वर्ष 2001 में अनुकंपा नियुक्ति नगर सेना में हुई थी. अपने सेवा काल के दौरान उन्होंने महिला नगर सैनिक के रूप में हर जिम्मेदारी को पूरी निष्ठा, ईमानदारी और अनुशासन के साथ निभाया. चाहे कानून-व्यवस्था की ड्यूटी हो, शासकीय कार्यक्रमों में सुरक्षा व्यवस्था हो या अन्य महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां, उन्होंने हर अवसर पर अपनी कार्यकुशलता का परिचय दिया.

करीब 26 वर्षों तक लगातार सेवा देने के बाद 30 जून 2026 को उन्होंने अपनी शासकीय सेवा पूर्ण की. इस अवसर पर आयोजित विदाई समारोह में नगर सेना प्रभारी संतोष मार्बल ने कहा कि कलावती साहू ने अपने कार्यकाल में विभाग की गरिमा को बढ़ाने में महत्वपूर्ण योगदान दिया. उनकी ईमानदारी, समयपालन और कार्य के प्रति समर्पण आने वाले नगर सैनिकों के लिए प्रेरणास्रोत रहेगा.

उपस्थित अधिकारियों एवं साथी सैनिकों ने पुष्पगुच्छ और स्मृति चिन्ह भेंट कर उनका सम्मान किया. सभी ने उनके साथ बिताए वर्षों को याद करते हुए विभाग में उनकी कमी हमेशा महसूस की जाएगी. नम आंखों के साथ उन्हें सम्मानपूर्वक विदाई दी गई. बस्तर की पहली महिला नगर सैनिक के रूप में कलावती साहू की सेवाएं लंबे समय तक याद की जाएंगी और उनका कार्यकाल नगर सेना के इतिहास में एक प्रेरणादायक अध्याय के रूप में दर्ज रहेगा.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

BastarFiles