दंतेवाड़ा (लुभम निर्मलकर) .प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष दीपक बैज के निर्देश पर शुक्रवार को जिला कांग्रेस कमेटी दंतेवाड़ा ने जिला अध्यक्ष शकील मोहम्मद रिज़वी के नेतृत्व में भाजपा सरकार के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन किया. कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने राजीव भवन के सामने एकत्र होकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय का पुतला दहन किया तथा केंद्रीय एवं राज्य की जांच एजेंसियों के कथित दुरुपयोग का आरोप लगाते हुए जमकर नारेबाजी की.

प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने “लोकतंत्र बचाओ”, “भाजपा सरकार होश में आओ”, “ईडी-सीबीआई का दुरुपयोग बंद करो”, “तानाशाही नहीं चलेगी” और “विपक्ष की आवाज दबाना बंद करो” जैसे नारे लगाए. पुतला दहन के दौरान पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को रोकने का प्रयास किया, जिससे कुछ समय के लिए पुलिस और कांग्रेस कार्यकर्ताओं के बीच झूमाझटकी की स्थिति भी बनी रही। हालांकि बाद में स्थिति सामान्य हो गई.
जिला कांग्रेस अध्यक्ष शकील मोहम्मद रिज़वी ने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार लोकतांत्रिक संस्थाओं और जांच एजेंसियों का राजनीतिक उद्देश्य से इस्तेमाल कर विपक्ष की आवाज दबाने का प्रयास कर रही है. उन्होंने कहा कि ईडी, सीबीआई, ईओडब्ल्यू, एसीबी और आयकर विभाग जैसी एजेंसियों का उपयोग राजनीतिक प्रतिशोध की भावना से किया जा रहा है तथा कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं को झूठे मामलों में फंसाकर मानसिक रूप से प्रताड़ित किया जा रहा है.
उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में जांच एजेंसियां स्वतंत्र और निष्पक्ष होनी चाहिए, न कि किसी राजनीतिक दल के इशारे पर कार्य करने वाली संस्थाएं। कांग्रेस अन्याय और दमन के खिलाफ पहले भी संघर्ष करती रही है और आगे भी जनता के हितों की रक्षा के लिए आंदोलन जारी रखेगी. यदि सरकार ने अपनी कथित दमनकारी नीति नहीं बदली तो कांग्रेस प्रदेशभर में आंदोलन को और तेज करेगी.
ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष सुमित्रा शोरी ने कहा कि भाजपा सरकार भ्रष्टाचार के खिलाफ कार्रवाई करने के बजाय राजनीतिक विरोधियों को डराने और बदनाम करने के लिए जांच एजेंसियों का उपयोग कर रही है. उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार महंगाई, बेरोजगारी, किसानों और युवाओं की समस्याओं से जनता का ध्यान हटाने के लिए विपक्ष को निशाना बना रही है। कांग्रेस सड़क से लेकर सदन तक जनता के अधिकारों की लड़ाई लड़ती रहेगी.
प्रदर्शन में जिला कांग्रेस के कोषाध्यक्ष जयदीप मालवीय, जिला उपाध्यक्ष प्रवीण राणा, जिला महामंत्री मनीष भट्टाचार्य, मनोज मालवीय, विमल सलाम, विवेक देवांगन, विद्यानंद सैन, जया कश्यप, महावीर ठाकुर, बीजू कश्यप, हेम कुमार नाग, ब्लॉक अध्यक्ष अनिल कर्मा, राम कुमार नाग, सुखराम नाग, आदिवासी कांग्रेस अध्यक्ष शंकर कुंजाम, जिला सचिव जीतेन्द्र कश्यप, गौरव गुप्ता, रॉबर्ट सायमन, पूर्व ब्लॉक अध्यक्ष राजकुमार जायसवाल, अल्पसंख्यक जिला सचिव श्याम जॉन सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे.