जगदलपुर. केके रेललाइन से गुजरने वाली एक यात्री ट्रेन के पहियों पर एक बार फिर से ब्रेक लग गया है. रेलवे प्रशासन ने विशाखापट्टनम से किरन्दुल और किरन्दुल से विशाखापट्टनम जाने वाली यात्री ट्रेनों का परिचालन 4 दिनों तक के लिए रोक दिया है.
दरअसल, केके रेल लाइन पर चलने वाली यात्री ट्रेनें केंसल होते रहती है. चाहें नक्सलियों का हवाला देते हुए केंसल किया गया हो या ट्रेक पर गिरे चट्टानों की वजह से या ट्रैक की मरम्मत की वजहों से ट्रेनें प्रभावित होतीं है. इस वजह से सबसे ज्यादा परेशानियों का सामना विशाखापट्टनम इलाज करवाने जाने वाले मरीजों को होता है.
बता दें कि केके रेललाइन के अरकू और सिमलीगुड़ा सेक्शन के बीच आधुनिक रेल ट्रैक का निर्माण किया जा रहा है. जिसकी वजह से रेलवे प्रशासन ने विशाखापट्टनम से किरन्दुल जाने वाली यात्री ट्रेन का परिचालन 7 सितंबर से 9 सितंबर तक के लिए रोक दिया है. इसके साथ ही किरन्दुल से विशाखापट्टनम जाने वाली यात्री ट्रेन को भी 7 सितंबर से आगामी 10 सितंबर तक लिए रोक दिया गया है. यात्री ट्रेन के पहिये थमने के बाद बस्तर के यात्रियों को परेशानियों का सामना करना पड़ सकता है. परेशानियों से बचने के लिए यात्रियों को अन्य वैकल्पिक व्यवस्था करनी पड़ेगी. वहीं यात्री ट्रेन के परिचालन के प्रभावित होने पर बस्तर से विशाखापट्टनम जाने वाले यात्रियों की जेबों पर भी आर्थिक रूप से ज्यादा असर पड़ सकता है. हालांकि ट्रैक में रात को काम नही होने पर नाईट एक्सप्रेस का परिचालन जारी रहेगा.