जगदलपुर. छत्तीसगढ़ पुलिस महकमे से इस वक्त की एक बड़ी खबर सामने आ रही है, जहां पुलिस मुख्यालय ने प्रशासनिक दृष्टिकोण से राज्य में बड़े पैमाने पर फेरबदल किया है. डीजीपी अरुण देव गौतम के हस्ताक्षर से जारी इस नए आदेश के तहत कुल 64 पुलिस निरीक्षकों का अस्थाई तौर पर तबादला किया गया है. इस पूरी ट्रांसफर सूची में सबसे खास बात यह है कि पुलिस मुख्यालय ने बस्तर संभाग की कानून व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाने के लिए मैदानी इलाकों से भारी संख्या में अनुभवी निरीक्षकों की फौज को बस्तर की कमान सौंपी है.
बस्तर संभाग की सुरक्षा व्यवस्था को चाक-चौबंद करने के लिए कई मैदानी और शहरी जिलों के तेजतर्रार इंस्पेक्टरों को तैनात किया गया है. इस बड़े फेरबदल के तहत जिला बस्तर में सुरक्षा और कानून व्यवस्था का जिम्मा संभालने के लिए इंस्पेक्टर सागर पाठक, अंजना केरकेट्टा, शशांक सिंह ठाकुर, भुवनेश्वरी साहू, भेखलाल चंद्राकर, हेमंत कुमार अग्रवाल, कमलेश देवांगन और सूरित सारथी जैसे अधिकारियों को नई जिम्मेदारी देकर भेजा गया है.
बस्तर संभाग के केवल मुख्य जिले में ही नहीं, बल्कि इसके अंतर्गत आने वाले अन्य जिलों में भी भारी इनफ्लो देखने को मिला है. दंतेवाड़ा जिले की कमान मजबूत करने के लिए प्रवीण कुमार राजपूत, अजीत सिंह राजपूत, मनीष शर्मा, शशांक पौराणिक, अशोक कुमार शर्मा और धैतराम गुरुपंच को तैनात किया गया है. वहीं सुकमा जिले की सुरक्षा व्यवस्था को कसने के लिए विजय कुमार मिश्रा, सचिन सिंह, सचिन गुमाश्ता, प्रवीण कुमार द्विवेदी और राजेश कुमार साहू की रवानगी की गई है. इसके साथ ही बीजापुर, कांकेर, नारायणपुर और कोंडागांव जैसे जिलों में भी मैदानी इलाकों के दुर्ग, रायपुर, सूरजपुर और धमतरी से हटाकर बड़े पैमाने पर इंस्पेक्टरों की नई टीम तैनात की गई है, जिनमें प्रमुख रूप से अम्बर सिंह भारद्वाज, आनंद शुक्ला, दीपा केंवट, नरेन्द्र कुमार सिंह, विमलेश दुबे, शिवेन्द्र कुमार राजपूत, विनोद पासवान, बबिता और श्रद्धा पाठक शामिल हैं.
इस फेरबदल के दूसरे पहलू की बात करें तो बस्तर संभाग में लंबे समय से अपनी सेवाएं दे रहे कई निरीक्षकों को अब मैदानी जिलों में काम करने का मौका दिया गया है. इसके तहत मो. तारीख हरीश को दुर्ग, सुरेश कुमार जांगड़े और मुकेश्वर ध्रुव को राजनांदगांव, शिवानंद सिंह को जांजगीर-चांपा तथा संजय खेस्स, कोमल प्रसाद राठौर, राम अवतार पटेल, गोविन्द कुमार यादव और मालिक राम जैसे अनुभवी अधिकारियों को रायपुर भेजा गया है. पुलिस मुख्यालय द्वारा 8 जुलाई 2026 को जारी किए गए इस आदेश को तत्काल प्रभाव से लागू कर दिया गया है और बस्तर संभाग में एंट्री ले रहे सभी नए निरीक्षकों को जल्द से जल्द अपनी नई पदस्थापना इकाई में जॉइनिंग देकर मोर्चा संभालने के निर्देश दिए गए हैं.