सड़क हादसे में बाइक सवार की मौके पर ही मौत, अज्ञात पिकअप चालक टक्कर मारकर फरार

जगदलपुर. जिले में आज एक भीषण सड़क हादसा सामने आया है, जहाँ एक तेज रफ्तार अज्ञात पिकअप वाहन ने मोटरसाइकिल सवार को अपनी चपेट में ले लिया. हादसे में बाइक सवार व्यक्ति की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई. घटना की सूचना मिलते ही डायल 112 की टीम तत्काल मौके पर पहुँची.

​प्राप्त जानकारी के अनुसार, नियंत्रण कक्ष से दुर्घटना की सूचना मिलने के बाद डायल 112 की टीम कॉलर से संपर्क करते हुए तुरंत घटना स्थल पर पहुँची. वहाँ मौजूद प्रत्यक्षदर्शियों और आस-पास के लोगों से पूछताछ करने पर पता चला कि एक अज्ञात पिकअप वाहन ने मोटरसाइकिल को जोरदार टक्कर मार दी थी और दुर्घटना के तुरंत बाद चालक वाहन सहित मौके से फरार हो गया. टक्कर इतनी भीषण थी कि मोटरसाइकिल सवार ने मौके पर ही दम तोड़ दिया था.

​घटना की संवेदनशीलता को देखते हुए टीम द्वारा तुरंत थाना परपा पेट्रोलिंग और हाईवे पेट्रोलिंग को सूचित किया गया. दोनों टीमों के मौके पर पहुँचने के बाद, आपसी समन्वय से मृतक के शव को हाईवे पेट्रोलिंग के वाहन में शिफ्ट किया गया और पोस्टमार्टम व पहचान के लिए डिमरापाल अस्पताल की मर्चुरी भिजवाया गया. फिलहाल परपा थाना पुलिस द्वारा अज्ञात पिकअप वाहन और उसके चालक की तलाश की जा रही है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

BastarFiles