जगदलपुर- बस्तर पुलिस ने थाना लोहण्डीगुड़ा क्षेत्र के तारागांव व थाना परपा के ग्राम धरमाउर में हुई चोरी की घटनाओं का खुलासा करते हुए पांच आरोपियों को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है. आरोपियों के कब्जे से करीब 11 लाख 19 हजार रुपये मूल्य के सोने-चांदी के आभूषण, गलाए गए सोने-चांदी के डले, 5 हजार रुपये नकद व चोरी में प्रयुक्त बिना नंबर की पल्सर मोटरसाइकिल बरामद की गई है.
बस्तर ASP माहेश्वर नाग ने बताया कि लोहण्डीगुड़ा थाना क्षेत्र के तारागांव और परपा थाना क्षेत्र के धरमाउर में सूने मकानों में हुई चोरी की घटनाओं की जांच की जा रही थी. तारागांव निवासी भगवती सरकार व उनके पति सदानंद सरकार ने 15 जून 2026 की रात अज्ञात चोरों द्वारा उनके सूने मकान का ताला तोड़कर सोने-चांदी के जेवर और नगदी चोरी कर ले जाने की रिपोर्ट दर्ज कराई थी. मामला दर्ज होने के बाद पुलिस ने विशेष टीम गठित कर जांच शुरू की. जांच के दौरान घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली गई और मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर संदेही रूद्रांचल ठाकुर को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई. पूछताछ में उसने अपने साथियों कृष्णा सेट्ठी और अविनाश स्वामी के साथ मिलकर तारागांव और धरमाउर के सूने मकानों में चोरी करना स्वीकार किया. आरोपी ने बताया कि चोरी किए गए सोने-चांदी के आभूषणों को अपने परिचित अजय व्यापारी के माध्यम से गीदम निवासी सोनार संतोष सोनी को बेच दिया था. पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर चोरी का माल बरामद कर लिया. गिरफ्तार आरोपियों में कृष्णा सेट्ठी, अविनाश स्वामी, रूद्रांचल ठाकुर, अजय व्यापारी और संतोष सोनी शामिल हैं. पुलिस ने सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर न्यायालय में पेश किया है. पुलिस के अनुसार मामले में आगे भी पूछताछ जारी है और आरोपियों के आपराधिक रिकॉर्ड की जांच की जा रही है.