दंतेवाड़ा (कवि सिन्हा)। अजजा मोर्चा के प्रदेश महामंत्री नंदलाल मुड़ामी ने एक बयान में कहा कि कांग्रेस के लिए आदिवासी केवल वोट बैंक है इस बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए जिला आदिवासी कांग्रेस के जिलाध्यक्ष संतु कुंजाम ने बयान जारी किया है। संतु ने कहा कि नंदलाल ने इस तरह का बयान देकर आदिवासियों का मज़ाक उड़ाया है। वो खुद एक आदिवासी नेता है उन्हें इस तरह की बयानबाजी शोभा नहीं देती है। संतु ने कहा कि श्री मुड़ामी आदिवासियों को आपस में लड़ाकर अपनी राजनीति चमकाना चाहते हैं। नंदलाल हमेशा चर्चा में बने रहने इस तरह की बयानबाजी करते आए हैं। संतु ने कहा कि जानकारी ये भी है कि वो यहां की समस्याओं को छोड़ हमेशा बाहरी भ्रमण पर ज्यादा रहते हैं, जिन्हें यहाँ के आदिवासियों की चिंता नहीं है वह आदिवासियों पर टिप्पणी ना करें तो बेहतर होगा। श्री मुड़ामी के बड़बोलेपन के कारण उनकी पार्टी के नेता उनसे दूरी बनाने लगें हैं। इस कारण शायद वह बड़े नेताओं के पास हाजरी लगाने ज्यादा बाहर रहते हैं। जिलाध्यक्ष संतु ने मुड़ामी से कहा कि समय मिले तो जिले में एक बार घूम लें उन्हें पता चल जाएगा कि इन 3 सालों में कितना विकास हुआ है, कितने बेरोजगारी दूर हुई है और हमारे कितने आदिवासी युवा आज पढ-लिख कर जिले का नाम रौशन कर रहे हैं। श्री कुंजाम ने कहा कि सरकार की बढ़ती लोकप्रियता के चलते सभी भाजपाई घबरा से गए हैं इस कारण वह इस तरह की ओछी राजनीति कर रहे हैं।