जगदलपुर- बस्तर जिले के लोहंडीगुड़ा थाना क्षेत्र में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है. जहां एक युवती ने इंद्रावती पुल से कूदकर आत्महत्या करने की कोशिश की. घटना के दौरान मौके पर मौजूद स्थानीय युवाओं और पुलिस जवानों की सतर्कता और तत्परता ने एक अनमोल जीवन बचा लिया. यह घटना बुधवार शाम करीब 4 बजे की है.

जानकारी के अनुसार युवती की पहचान बिंदु बघेल निवासी फरसागुड़ा, जिला कोंडागांव के रूप में हुई है. बताया जा रहा है कि किसी अज्ञात कारणवश युवती ने इंद्रावती नदी के पुल से छलांग लगा दी. घटना को देखते ही आसपास मौजूद लोगों में हड़कंप मच गया. स्थानीय युवाओं ने इसकी सूचना पुलिस को दी. सूचना मिलते ही लोहंडीगुड़ा थाना की पुलिस टीम मौके पर पहुंची और तत्काल बचाव कार्य शुरू किया. एक जवान ने विशेष बहादुरी का परिचय देते हुए घायल युवती को अपने कंधे पर उठाकर एम्बुलेंस तक पहुंचाया. जिससे समय पर इलाज संभव हो सका. गंभीर अवस्था में युवती को लोहंडीगुड़ा के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया, जहां डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार किया. उपचार के बाद युवती की हालत अब खतरे से बाहर बताई जा रही है. जिससे सभी ने राहत की सांस ली.

पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए युवती के परिजनों से संपर्क कर उन्हें सूचित किया और आवश्यक कार्रवाई के बाद युवती को परिजनों को सौंप दिया गया. इस पूरे घटनाक्रम में स्थानीय युवाओं और पुलिस की बहादुरी व मानवता की भावना ने एक बड़ी अनहोनी को टाल दिया. यह घटना एक बार फिर यह साबित करती है कि समय पर की गई मदद और सतर्कता से किसी की भी जान बचाई जा सकती है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *