बेटी से एकतरफा प्यार, पिता की ले ली जान! जगदलपुर में नाबालिग ने चाकू मारकर की पड़ोसी की हत्या…….

जगदलपुर- एकतरफा प्यार का विवाद अब खूनी वारदात में तब्दील हो गया. छत्तीसगढ़ के जगदलपुर शहर के पनारापारा इलाके में एक नाबालिग युवक ने अपने ही पड़ोस में रहने वाले 45 वर्षीय मन्नू कश्यप की चाकू मारकर हत्या कर दी. शुरुआती जानकारी के मुताबिक आरोपी नाबालिग कथित तौर पर मृतक की बेटी से एकतरफा प्रेम करता था. इसी बात को लेकर दोनों परिवारों के बीच लंबे समय से विवाद चल रहा था. शनिवार देर शाम एक बार फिर विवाद इतना बढ़ा कि नाबालिग ने मन्नू कश्यप पर चाकू से हमला कर दिया.

जानकारी के मुताबिक शनिवार देर शाम मन्नू कश्यप और पड़ोस में रहने वाले नाबालिग के बीच किसी बात को लेकर जमकर विवाद हुआ. देखते ही देखते विवाद ने हिंसक रूप ले लिया और आरोपी ने मन्नू कश्यप के सिर और पेट पर चाकू से कई वार कर दिए. हमले में गंभीर रूप से घायल मन्नू कश्यप ने अस्पताल पहुंचने से पहले ही दम तोड़ दिया. घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया. आसपास के लोग बड़ी संख्या में मौके पर जमा हो गए. वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी नाबालिग मौके से फरार हो गया. सूचना मिलते ही पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी. फिलहाल आरोपी की तलाश की जा रही है.

इधर हत्या की इस वारदात के बाद मोहल्ले में भारी आक्रोश देखने को मिला. नाराज लोगों ने पुलिस के साथ जमकर बहस की और इलाके में बढ़ते अपराधों पर लगाम लगाने की मांग उठाई. फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है. एकतरफा प्रेम और पुरानी रंजिश को इस हत्याकांड की वजह माना जा रहा है. हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

BastarFiles