जगदलपुर- छत्तीसगढ़ के बस्तर जिले में लगातार सड़क हादसे के मामले सामने आ रहे हैं. एक सड़क हादसे का गम जाता नहीं कि दूसरा सड़क हादसा बस्तर जिले के सड़को में हो जाता है. बस्तर में हुए सड़क हादसे में 2 लोगों की मौत हुई है. वहीं 37 ग्रामीण घायल हैं. हादसे के बाद इलाके में गम का माहौल छाया हुआ है.
मिली जानकारी के अनुसार तोकापाल ब्लॉक के सिरिसगुड़ा गांव से करीब 45 की संख्या में ग्रामीण पिकअप वाहन में सवार होकर शादी समारोह में शामिल होने के लिए नारायणपुर जिले के ओरछा ब्लॉक के रेंगाबेड़ा गांव गये हुए थे. और शादी समारोह में शामिल होकर वापस लौट रहे थे. इसी दौरान आज मंगलवार को सुबह करीब 8 बजे लोहंडीगुड़ा थाना क्षेत्र के घोटिया चौकी के ढाबामारी के पास अचानक वाहन चालक से वाहन अनियंत्रित होकर ग्रामीणों से भरी गाड़ी दुर्घटनाग्रस्त हो गई. इस सड़क हादसे में मौके पर ही 2 लोगों की मौत हो गई. वहीं 37 ग्रामीण घायल हुए हैं. घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय लोगो, पुलिस और 108 एम्बुलेंस की सहायता से घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लोहंडीगुड़ा में पहुंचाया गया. जहां घायलों का ईलाज जारी है. गंभीर रूप से घायल ग्रामीणों को डिमरापाल अस्पताल रेफर करने की प्रकिया में जुटे हुए हैं. वहीं मृतकों के शव का पोस्टमार्टम अस्पताल में करके शव को परिजनों को सौंप दिया जाएगा. इधर हादसे के बाद इलाके में गम का माहौल है.
