जगदलपुर- शहर के ऐतिहासिक गंगामुंडा तालाब के पास बनी सीसी सड़क (कांक्रीट सड़क ) पर लगातार अतिक्रमण का मामला सामने आ रहा है. तालाब के चारो तरफ बने कांक्रीट सड़क के ऊपर अवैध रूप से झुग्गी-झोपड़ियां बनाई जा रही हैं. जिससे सड़क पर आवागमन प्रभावित होने के साथ ही दुर्घटनाओं की आशंका भी बढ़ गई है. स्थानीय स्तर पर लगातार हो रहे अतिक्रमण के कारण सड़क की स्थिति प्रभावित हो रही है. सीसी सड़क पर धीरे-धीरे कब्जा बढ़ता ही जा रहा है. लेकिन नगर निगम प्रशासन की ओर से अब तक इस दिशा में कोई ठोस कार्रवाई नजर नहीं आ रही है.
ऐतिहासिक गंगामुंडा तालाब के आसपास हो रहे इस अतिक्रमण से न केवल सड़क की उपयोगिता प्रभावित हो रही है. बल्कि राहगीरों और वाहन चालकों की सुरक्षा पर भी सवाल खड़े हो रहे हैं. पर्यटन स्थल के रूप में विकसित करने के उद्देश्य से तालाब को चारों ओर कांक्रीट सड़क पर अतिक्रमण करने से कभी भी हादसा होने की आशंका बनी हुई है. सबसे बड़ा सवाल यह है कि सार्वजनिक उपयोग के लिए बनाई गई कांक्रीट सड़क पर लगातार हो रहे अतिक्रमण को आखिर नगर निगम प्रशासन क्यों नजरअंदाज कर रहा है? क्या प्रशासन किसी हादसे का इंतजार कर रहा है? अब जरूरत है कि नगर निगम प्रशासन मामले को गंभीरता से लेते हुए गंगामुंडा तालाब की कांक्रीट सड़क का निरीक्षण करे और सड़क पर हो रहे अवैध अतिक्रमण को तत्काल हटाने की कार्रवाई करे. ताकि आम नागरिकों को सुरक्षित आवागमन की सुविधा मिल सके. गौरतलब है कि सीसी सड़क से लगकर ही नाला का निर्माण किया गया है, लेकिन अब अतिक्रमणधारियों के द्वारा लगातार इस नाला को पार कर सीसी सड़क पर अवैध रूप से झुग्गी झोपड़ी बनाकर अतिक्रमण किया जा रहा है.
जगदलपुर के वरिष्ठ नागरिक और अधिवक्ता रवि भूषण राव का कहना है कि गंगामुंडा तालाब बस्तर का ऐतिहासिक तालाब है. छठ महापर्व के दौरान मिथिला समाज एवं अन्य समाज के लोगों के द्वारा यहां पूजा अर्चना की जाती है, हालांकि समय-समय पर इसकी जरूर साफ-सफाई की जाती है. लेकिन निगम प्रशासन को जरूरत है कि अगर लगातार 6 महीने भी इस तालाब की साफ सफाई की जाए तो यह स्थल पर्यटन स्थल के रूप में विकसित हो सकता है, वहीं अब धीरे-धीरे तालाब के आसपास अतिक्रमण के चलते खासकर कांक्रीट सड़क पर झुग्गी झोपड़ी के निर्माण के चलते गंगा मुंडा तालाब की सौंदर्यता खत्म होने के साथ सड़क पर हादसे का भी खतरा मंडरा रहा है. ऐसे में निगम प्रशासन को विशेष तौर पर इस ऐतिहासिक तालाब को पर्यटन स्थल के रूप में विकसित करने के लिए अतिक्रमण पर जल्द से जल्द कार्रवाई की जानी चाहिए. साथ ही इस तालाब के संरक्षण और संवर्धन पर विशेष ध्यान दिया जाना चाहिए. इधर इस मामले में निगम के जनप्रतिनिधि और अधिकारी कांक्रीट सड़क पर लगातार हो रहे अतिक्रमण को लेकर चुप्पी साध रखे हैं.
