सुकमा (डेस्क) – छत्तीसगढ़ की समृद्ध आदिम संस्कृति और आस्था के केंद्र रामाराम–सुकमा जात्रा 2026 के पावन अवसर पर आयोजित इंस्टाग्राम रिल्स एवं फोटोग्राफी प्रतियोगिता का भव्य समापन रविवार, 8 फरवरी को स्थानीय होटल रायल में संपन्न हुआ. देवी माँ चिट्मिट्टीन अम्मा मंदिर ट्रस्ट द्वारा आयोजित इस अनूठी पहल का मुख्य उद्देश्य नई पीढ़ी को आधुनिक तकनीक के माध्यम से अपनी जड़ों और परंपराओं से जोड़ना था. इस कार्यक्रम में न केवल सुकमा, बल्कि आसपास के क्षेत्रों के युवाओं ने भी अपनी कलात्मकता का प्रदर्शन किया.
प्रतियोगिता के परिणामों में इंस्टाग्राम रिल्स श्रेणी के भीतर हिमांशु सिंह ने अपनी रचनात्मकता से प्रथम स्थान प्राप्त कर ₹5000 का नगद पुरस्कार और मोमेंटो जीता. वहीं राजकुमार (कोन्टा) द्वितीय और तुषार सिंह ठाकुर तृतीय स्थान पर रहे. इसी तरह, फोटोग्राफी प्रतियोगिता में सुमित सेठिया ने अपनी बेहतरीन फोटोग्राफी के लिए प्रथम पुरस्कार हासिल किया, जबकि उमेश गोरे और विजय कुमार नाग ने क्रमशः दूसरा और तीसरा स्थान प्राप्त किया. सांत्वना पुरस्कारों के माध्यम से भी कई उभरते कलाकारों का उत्साहवर्धन किया गया.
समापन समारोह की मुख्य अतिथि छत्तीसगढ़ राज्य महिला आयोग की सदस्या सुश्री दीपिका शोरी ने अपने संबोधन में कहा कि सोशल मीडिया आज के दौर में संस्कृति के प्रचार-प्रसार का सशक्त माध्यम है. उन्होंने जात्रा को जन-जन तक पहुँचाने के इस प्रयास की मुक्त कंठ से सराहना की. कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए ट्रस्ट अध्यक्ष मनोज देव ने रामाराम जात्रा के ऐतिहासिक और सांस्कृतिक महत्व पर प्रकाश डाला, जबकि वरिष्ठ पत्रकार रिंटू सिंह भदौरिया ने युवाओं को निरंतर रचनात्मक बने रहने के लिए प्रेरित किया. इस गरिमामयी समारोह में निर्णायक मंडल के सदस्यों सहित ट्रस्ट के पदाधिकारियों और स्थानीय जनप्रतिनिधियों की सक्रिय उपस्थिति रही, जिससे कार्यक्रम की भव्यता और बढ़ गई.