बीजापुर (डेस्क) – जिला कांग्रेस कमेटी बीजापुर के नवनियुक्त अध्यक्ष लालू राठौर ने सोमवार को भारी जनसमूह और वरिष्ठ नेताओं की गरिमामय मौजूदगी में अपना पदभार ग्रहण कर लिया. जिला मुख्यालय स्थित कांग्रेस भवन में आयोजित भव्य समारोह में कार्यकर्ताओं के भारी उत्साह के बीच उन्होंने जिम्मेदारी संभाली. पदभार ग्रहण करने से पूर्व राठौर ने बस्तर की आराध्य देवी माँ दंतेश्वरी के मंदिर जाकर पूजा-अर्चना की और जिले की सुख-समृद्धि का आशीर्वाद मांगा.
शीर्ष नेतृत्व का आभार, कार्यकर्ताओं को दिया मान
पदभार ग्रहण करने के बाद कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए लालू राठौर ने कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे, सोनिया गांधी, राहुल गांधी, प्रदेश प्रभारी सचिन पायलट और पीसीसी चीफ दीपक बैज सहित स्थानीय विधायक विक्रम मंडावी का आभार व्यक्त किया. उन्होंने स्पष्ट संदेश देते हुए कहा, “कांग्रेस का हर एक कार्यकर्ता संगठन की रीढ़ है. उनके मान-सम्मान की रक्षा करना मेरी सबसे बड़ी प्राथमिकता होगी.”
केंद्र और राज्य सरकार पर तीखा हमला
अपने पहले संबोधन में ही नवनियुक्त अध्यक्ष ने आक्रामक रुख अपनाते हुए भाजपा की ‘डबल इंजन’ सरकार को आड़े हाथों लिया. उन्होंने मनरेगा योजना में बदलाव और महात्मा गांधी का नाम हटाए जाने को गरीबों के अधिकारों पर हमला बताया. राठौर ने कहा कि प्रदेश में किसान परेशान हैं और भाजपा सरकार उनकी समस्याओं की अनदेखी कर रही है. उन्होंने चेतावनी दी कि आने वाले समय में कांग्रेस पार्टी भाजपा की जनविरोधी नीतियों के खिलाफ सड़कों पर उतरकर उग्र आंदोलन करेगी.
विधायक विक्रम मंडावी ने भरी हुंकार
इस अवसर पर बीजापुर विधायक विक्रम मंडावी ने लालू राठौर को बधाई देते हुए कहा कि अब समय आ गया है कि ब्लॉक स्तर पर संगठन को और अधिक मजबूत किया जाए. उन्होंने कहा कि भाजपा की वादाखिलाफी को जनता तक ले जाना हर कार्यकर्ता का दायित्व है.
समारोह में रही भारी मौजूदगी
इस पदभार ग्रहण समारोह में जिला कांग्रेस के वरिष्ठ पदाधिकारी, ब्लॉक अध्यक्ष, विभिन्न विंग्स के प्रतिनिधि और बड़ी संख्या में ग्रामीण व शहरी कार्यकर्ता उपस्थित रहे. कार्यकर्ताओं ने पुष्पगुच्छ और नारों के साथ अपने नए अध्यक्ष का आत्मीय स्वागत किया.