जगदलपुर (डेस्क) – बस्तर जिले के तोकापाल ब्लॉक अंतर्गत ग्राम खंडियापाल में वन्य जीव की दस्तक से ग्रामीणों के बीच दहशत का माहौल है. गांव के पास ही एक अज्ञात वन्य जीव के पैरों के निशान मिलने के बाद पूरे इलाके में चर्चाओं का बाजार गर्म है. सूचना मिलते ही वन विभाग ने मुस्तैदी दिखाते हुए मामले की गहन जांच शुरू कर दी है.
डीएफओ के निर्देश पर तीन टीमें तैनात

इस संवेदनशील मामले पर जानकारी देते हुए डीएफओ उत्तम गुप्ता ने बताया कि ग्रामीणों की सूचना को गंभीरता से लिया गया है. उन्होंने कहा, “जानकारी मिलने के तुरंत बाद वन विभाग की तीन अलग-अलग टीमों को मौके पर जांच के लिए रवाना कर दिया गया है. विभाग हर पहलू से साक्ष्य जुटा रहा है.”
तकिनिक निगरानी : लगाए गए कैमरा ट्रैप
वन्य जीव की पहचान सुनिश्चित करने और उसकी आवाजाही पर नजर रखने के लिए विभाग ने आधुनिक तरीका अपनाया है. डीएफओ के अनुसार, इलाके के संभावित रास्तों और संदिग्ध स्थलों पर कैमरे (Camera Traps) लगाए गए हैं. इन कैमरों की फुटेज के आधार पर ही स्पष्ट हो पाएगा कि क्षेत्र में सक्रिय वन्य जीव कौन सा है.
कोटवारों के जरिए ग्रामीणों को अलर्ट
सुरक्षा के मद्देनजर विभाग ने एहतियाती कदम उठाने शुरू कर दिए हैं. मैदानी अमले को लगातार गश्त करने के निर्देश दिए गए हैं. पूरे इलाके में कोटवारों के माध्यम से सूचना भिजवाई गई है ताकि ग्रामीण सतर्क रहें. जंगल की ओर अकेले जाने वाले ग्रामीणों को विशेष सावधानी बरतने को कहा गया है.
वन विभाग ने अपील की है कि ग्रामीण किसी भी प्रकार की अफवाहों पर ध्यान न दें और संदिग्ध गतिविधि दिखने पर तुरंत वन विभाग को सूचित करें. साक्ष्यों की पुष्टि होते ही विभाग द्वारा आगे की कार्रवाई (मुनादी आदि) की जाएगी.