जगदलपुर (डेस्क) – बस्तर पुलिस ने हाल ही में हुई चोरी की तीन वारदातों को सुलझाते हुए एक ऐसे शातिर चोर को पकड़ा है, जिसने चोरी के सारे पुराने रिकॉर्ड तोड़ दिए. इस चोर ने लाखों के महंगे सामान को छोड़कर सिर्फ सिगरेट और गुटखा को निशाना बनाया, जिससे पुलिस ने अंदाज़ा लगाया कि यह शायद कोई ‘चेन-स्मोकर’ या ‘तंबाकू प्रेमी’ चोर था.

​पुलिस अधीक्षक शलभ सिन्हा के निर्देश पर, बस्तर पुलिस और सायबर सेल की टीम ने मिलकर यादराम पटेल (उम्र 32 वर्ष) को महासमुंद जिले से धर दबोचा.

रायपुर से आकर बस्तर में की तीन वारदातें

​आरोपी यादराम पटेल ने पूछताछ में कबूल किया कि वह चोरी करने लिए खास तौर पर रायपुर से जगदलपुर आता था. उसने कुल तीन वारदातों को अंजाम दिया:

● 03/10/2025 को तोकापाल (परपा थाना क्षेत्र) स्थित किराना दुकान.

● 15/10/2025 और 28/10/2025 को बस्तर (बस्तर थाना क्षेत्र) बस्तर मेन चौक स्थित किराना दुकान.

उसका तरीका फ़िल्मी था—वह शटर तोड़ने की मेहनत करने के बजाय, वायर कटर से दुकान की छत का टीना शेड काटकर अंदर घुसता था.

लाखों के सामान को छोड़, उसने चुनी ‘तलब’

​सबसे मज़ेदार बात यह है कि बस्तर चौक की थोक किराना दुकान में लाखों का अन्य महंगा सामान भरा था, लेकिन इसकी नज़र सिर्फ अपनी ‘तलब’ पर थी. उन्होंने चुन-चुनकर 18 से 19 पुड़े सिगरेट और 70 पैकेट गुटखा साफ़ किए!

​चोरी के इस ‘धुएं और गुटखे’ के माल को आरोपी ने रायपुर रेलवे स्टेशन पर घूम-घूमकर यात्रियों को बेचा, जैसे वह कोई चलता-फिरता ‘वेंडिंग मशीन’ हो.

चोरी के माल से खरीदी ‘लक्जरी लाइफ’

​पुलिस को आरोपी के राजिम वाले किराए के मकान से ₹75,000/- नगद बरामद हुए, लेकिन उससे भी ज़्यादा चौंकाने वाली बात यह रही कि उसने चोरी के पैसों से अपनी ‘लग्ज़री लाइफ़’ शुरू कर दी थी:

​● नई LED TV (₹9,000/- में खरीदा)

​● फिलिप्स साउण्ड बाक्स (₹3,000/- में खरीदा)

​● नई स्कुटी (₹15,000/- में अपनी बहन के नाम पर खरीदी)

​यादराम ने चोरी की कमाई से TV और साउंड सिस्टम ख़रीदा, लेकिन शायद उसे यह नहीं पता था कि जेल में सिगरेट के साथ-साथ मनोरंजन के भी लाले पड़ जाते हैं!

बस्तर पुलिस का ‘फुल स्टॉप’

​बस्तर पुलिस ने इन तीनों मामलों को सुलझाकर जनता को बड़ी राहत दी है. आरोपी को अब माननीय न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया जा रहा है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You missed