भूस्खलन से बस्तर की रेल कनेक्टिविटी पर बड़ा संकट, 4 एक्सप्रेस ट्रेनें रद्द, 20 अक्टूबर तक जगदलपुर से कई ट्रेनों का परिचालन बंद……

जगदलपुर- बस्तर में रेल यात्रियों की मुश्किलें बढ़ने वाली हैं. ईस्ट कोस्ट रेलवे के रायगड़ा रेल मंडल अंतर्गत एमवीजी और सीटीएस स्टेशनों के बीच अचानक हुए भूस्खलन ने रेल यातायात को प्रभावित कर दिया है. रेलवे प्रशासन ने संरक्षा को प्राथमिकता देते हुए चार एक्सप्रेस ट्रेनों को पूरी तरह रद्द करने का आदेश जारी किया है. वहीं हावड़ा और भुवनेश्वर से जगदलपुर आने-जाने वाली ट्रेनों सहित कुछ पैसेंजर ट्रेनों का परिचालन भी सीमित कर दिया गया है. इसका सीधा असर जगदलपुर से रेल यात्रा करने वाले यात्रियों पर पड़ेगा.

ईस्ट कोस्ट रेलवे के 11 अक्टूबर 2026 को जारी बुलेटिन नंबर 10 के अनुसार, विशाखापट्टनम-किरंदुल एक्सप्रेस और राउरकेला-जगदलपुर एक्सप्रेस की दोनों दिशाओं की सेवाएं निर्धारित अवधि में पूरी तरह रद्द रहेंगी. रेलवे के आदेश के मुताबिक विशाखापट्टनम-किरंदुल एक्सप्रेस (18515) और किरंदुल-विशाखापट्टनम एक्सप्रेस (18516) को 13 से 20 अक्टूबर 2026 तक रद्द किया गया है. इसी तरह राउरकेला-जगदलपुर एक्सप्रेस (18107) 13 से 20 अक्टूबर तक और जगदलपुर-राउरकेला एक्सप्रेस (18108) 14 से 21 अक्टूबर तक नहीं चलेगी. इन ट्रेनों के रद्द होने से जगदलपुर और किरंदुल सहित रेल मार्ग से जुड़े क्षेत्रों के यात्रियों को अपनी यात्रा की योजना बदलनी पड़ सकती है.

भूस्खलन के कारण लंबी दूरी की ट्रेनों के परिचालन में भी बड़ा बदलाव किया गया है. हावड़ा-जगदलपुर एक्सप्रेस (18005) 13 से 20 अक्टूबर तक जगदलपुर के बजाय केआरपीयू स्टेशन तक ही चलेगी. वापसी में जगदलपुर-हावड़ा एक्सप्रेस (18006) 15 से 22 अक्टूबर तक केआरपीयू स्टेशन से रवाना होगी. भुवनेश्वर- जगदलपुर एक्सप्रेस (18447) भी 13 से 20 अक्टूबर तक केआरपीयू स्टेशन तक ही संचालित होगी. जबकि जगदलपुर-भुवनेश्वर एक्सप्रेस (18448) 14 से 21 अक्टूबर तक केआरपीयू से अपनी यात्रा शुरू करेगी. इसका मतलब है कि इन ट्रेनों से यात्रा करने वाले यात्रियों को निर्धारित अवधि में जगदलपुर तक सीधे रेल संपर्क नहीं मिलेगा.

रेलवे प्रशासन ने संबंधित अधिकारियों को स्टेशन नोटिस बोर्ड, उद्घोषणा प्रणाली, एसएमएस और प्रिंट व इलेक्ट्रॉनिक मीडिया के माध्यम से यात्रियों तक जानकारी पहुंचाने के निर्देश दिए हैं. रेलवे ने यात्रियों से अपील की है कि वे यात्रा पर निकलने से पहले अपनी ट्रेन की स्थिति की पुष्टि अवश्य कर लें. भूस्खलन के कारण रेल सेवाओं में किए गए इस बदलाव से बस्तर के यात्रियों को अगले कई दिनों तक असुविधा का सामना करना पड़ सकता है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

BastarFiles