जगदलपुर (डेस्क) – शासकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय क्रमांक 02, जगदलपुर में 78वां एन.सी.सी. दिवस समारोह बड़े ही हर्षोल्लास और देशभक्ति के जोश के साथ मनाया गया. यह गौरवशाली आयोजन एनसीसी कैडेट्स की जीवंत ऊर्जा और अनुशासन का शानदार प्रदर्शन बना.
भव्य शुरुआत और सैन्य प्रदर्शन
कार्यक्रम का भव्य शुभारंभ एन.सी.सी. ध्वजारोहण और सुमधुर एनसीसी गीत के गायन से हुआ. इसके तुरंत बाद, कैडेट्स ने पूर्ण अनुशासन का परिचय देते हुए प्रभावशाली मार्च पास्ट का प्रदर्शन किया और राष्ट्रीय ध्वज को सलामी दी, जिससे परिसर में देशभक्ति का वातावरण छा गया.
‘ऑपेरशन सिंदूर’ की भावुक झलक और सांस्कृतिक प्रस्तुति

समारोह का सांस्कृतिक पक्ष बेहद मजबूत रहा. कैडेट्स ने भाषण, एकल गीत, नृत्य और सामूहिक प्रस्तुतियों के माध्यम से अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया. सबसे मार्मिक प्रस्तुति पहलगाम अटैक ऑपरेशन सिंदूर की छोटी सी झलक थी, जिसे एक प्रभावी एक्ट के माध्यम से प्रदर्शित कर उपस्थित सभी दर्शकों को भावुक कर दिया. इसके अतिरिक्त, चित्रकला प्रतियोगिता में कैडेटों ने रंगों के माध्यम से अपनी गहरी देशभक्ति की भावना को कैनवास पर उतारा.
वृक्षारोपण से दिया पर्यावरण संतुलन का संदेश
समारोह के समापन पर, कैडेट्स ने वृक्षारोपण कर पर्यावरण संरक्षण और संतुलन का महत्वपूर्ण संदेश दिया. वरिष्ठ व्याख्याता श्री वर्गीस ने अपने प्रेरणादायक उद्बोधन में NCC के मूलमंत्र ‘एकता एवं अनुशासन’ को जीवन भर अपनाने पर जोर दिया और सभी को दिवस की शुभकामनाएं दीं.
कैडेट्स का कुशल नेतृत्व : कार्यक्रम का संपूर्ण संचालन NCC कैडेट्स कल्याणी मिश्रा, रिया धीर, और भारती पाण्डे द्वारा किया गया.
यह सफल आयोजन 1 सीजी गर्ल्स बटालियन परचनपाल के कर्नल चंचलदास गुप्ता और 10 सीजी स्वतंत्र कंपनी एनसीसी जगदलपुर के बॉबो जोसफ, एवं संस्था की प्राचार्य सुधा परमार के निर्देशानुसार संपन्न हुआ. NCC अधिकारी कैप्टन हेमपुष्प लता ध्रुव और थर्ड ऑफिसर जैमवती ठाकुर ने आभार व्यक्त किया. इस अवसर पर 1 सीजी के हवलदार हरविंदर सिंह, 10 सीजी से पी आई स्टाफ हवलदार अयाज अहमद व रईस अहमद, एक्स एनसीसी कैडेट और समस्त शिक्षक-शिक्षिकाएं उपस्थित रहे.
समापन : राष्ट्रगान के साथ इस प्रेरणादायक कार्यक्रम का समापन हुआ, जिसने सभी को देश सेवा और अनुशासन के प्रति संकल्पित होने का संदेश दिया.