जगदलपुर (डेस्क) – इलेक्ट्रीशियन की आड़ में हैदराबाद से मुंबई और पुणे तक करोड़ों रुपये के गांजा तेल (हशीश तेल) की तस्करी करने वाले दो ‘ड्रग्स किंगपिन’ को बस्तर पुलिस ने फिल्मी स्टाइल में धर दबोचा है. ​थाना बोधघाट की इस ऐतिहासिक कार्रवाई ने पूरे इलाके में हड़कंप मचा दिया है.

​पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 10 किलो से अधिक गांजा तेल जब्त किया है, जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में अनुमानित कीमत लगभग 1 करोड़ 30 लाख रुपये आँकी गई है. बस्तर पुलिस ने इस बड़ी सफलता के साथ ही मौके की कार्रवाई का सनसनीखेज वीडियो भी जारी किया है.

‘मौत के तेल’ की 1.30 की डील पकड़ी गई

​बस्तर पुलिस को मुखबिर से 20.11.2025 की रात 8:55 बजे यह खुफिया जानकारी मिली कि ओडिशा से दो तस्कर बाइक (OD 30 D 6588) पर सवार होकर गीदम नाका सरगीपाल रोड से बोधघाट चौक की ओर आ रहे हैं. उनके पास भारी मात्रा में ‘नशे का तेल’ है, जिसे वे देश के बड़े शहरों में सप्लाई करने जा रहे थे. ​इंस्पेक्टर लीलाधर राठौर की अगुवाई में पुलिस टीम ने तुरंत गीदम नाका पर M.C.P. (मोबाइल चेक पोस्ट) लगाकर घेराबंदी की.

​मुखबिर द्वारा बताए गए हुलिए के दो संदिग्धों को बाइक समेत दबोचा गया. जब उनकी तलाशी ली गई, तो एक काले बैग के भीतर अलग-अलग पैकेटों में छुपाकर रखा गया 10.396 किलोग्राम गांजा तेल/हशीश तेल बरामद हुआ.

हैदराबाद में काम, मुम्बई-पुणे में सप्लाई

​गिरफ्तार आरोपियों की पहचान हुई:

● ​सीताराम कुलदीप (35 वर्ष, मूल निवासी ओडिशा, हाल पता कोंडापुर, तेलंगाना)

● ​रामचंद्र माड़ी (20 वर्ष, निवासी मलकानगिरी, ओडिशा)

​पूछताछ में सीताराम कुलदीप ने खुलासा किया कि वह पिछले कुछ सालों से हैदराबाद में इलेक्ट्रीशियन का काम कर रहा था, लेकिन ज्यादा पैसा कमाने के लालच में उसने ड्रग्स की तस्करी का काला कारोबार शुरू कर दिया. वह मलकानगिरी (ओडिशा) से मादक पदार्थ लेता था और दरभा, केशलूर होते हुए हैदराबाद, मुंबई, पुणे जैसे बड़े महानगरों में सप्लाई करने के लिए जा रहा था.

​पुलिस ने दोनों आरोपियों को NDPS एक्ट की धारा 20(b)(ii)(C) के तहत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है. बस्तर पुलिस ने न सिर्फ मादक पदार्थ जब्त किया, बल्कि देशव्यापी ड्रग्स सिंडिकेट के एक बड़े नेटवर्क को ध्वस्त कर दिया है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You missed