जगदलपुर- बस्तर जिले के भानपुरी थाना क्षेत्र में चोरी के मामले में पुलिस ने 18 वर्षीय युवक को गिरफ्तार किया है. पुलिस के मुताबिक आरोपी के कब्जे से चोरी की दो मोटरसाइकिल, नगदी और दुकान से चोरी किया गया सामान बरामद किया गया है. जब्त संपत्ति की कुल कीमत 1 लाख 31 हजार 505 रुपये बताई गई है.
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार करन्दोला सिंचाई कॉलोनी निवासी शुभम गुप्ता ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि 19 अक्टूबर की दरम्यानी रात उसकी पैशन प्रो मोटरसाइकिल क्रमांक CG17-KR-0143 चोरी हो गई. शिकायत पर भानपुरी पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की. जांच के दौरान पुलिस को करन्दोला छेपड़ापारा निवासी सागर कश्यप के पास बिना नंबर की पैशन प्रो मोटरसाइकिल होने की सूचना मिली. संदेह के आधार पर पूछताछ करने पर आरोपी ने कथित तौर पर सिंचाई कॉलोनी से बाइक चोरी करना स्वीकार किया. पुलिस के अनुसार उसने कोण्डागांव से बजाज पल्सर मोटरसाइकिल चोरी करने के साथ ही भानपुरी के एक पान ठेले से बिस्किट, चॉकलेट, साबुन, लाइटर, बीड़ी और नगदी चोरी करने की बात भी कबूल की. आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने दोनों मोटरसाइकिल, 355 रुपये नगद और करीब 1,150 रुपये कीमत का अन्य सामान बरामद कर जब्त किया. गिरफ्तार आरोपी की पहचान सागर कश्यप (18 वर्ष 5 माह), निवासी करन्दोला छेपड़ापारा, थाना भानपुरी, जिला बस्तर के रूप में हुई है.
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 303(2) के तहत मामला दर्ज किया है. उसे 29 अक्टूबर को न्यायालय जगदलपुर में पेश किए जाने की जानकारी पुलिस ने दी.