जगदलपुर (डेस्क) – गांधी मैदान में आज रविवार को आयोजित सद्भावना क्रिकेट मैच में पुलिस-11 ने बेहतरीन खेल भावना का परिचय देते हुए एकतरफा मुकाबले में पत्रकार-11 को 70 रनों के विशाल अंतर से मात दी. यह मुकाबला खेल के साथ-साथ पुलिस और मीडिया के बीच सौहार्द और मैत्रीपूर्ण संबंध को मजबूत करने के उद्देश्य से खेला गया, जिसमें जीत-हार से ज्यादा खेल भावना को महत्व दिया गया.

कप्तान अभिजीत सिंह भदोरिया चमके ‘मैन ऑफ द मैच’

​टॉस पुलिस-11 के कप्तान अभिजीत सिंह भदोरिया और पत्रकार-11 के कप्तान धर्मेन्द्र महापात्र के बीच हुआ, जिसे पुलिस-11 ने जीतकर पहले बल्लेबाजी का फैसला किया. ​पुलिस-11 की ओर से कप्तान अभिजीत सिंह भदोरिया ने खुद आगे बढ़कर नेतृत्व किया और अकेले 70 रनों की तूफानी पारी खेली. उनके साथ भोज कश्यप, सुनील, लीलाधर राठौर और शिवानंद सिंह ने भी बल्ले से बहुमूल्य योगदान दिया. पुलिस टीम ने निर्धारित ओवरों में 149 रन बनाकर पत्रकार टीम के सामने 150 रनों का चुनौतीपूर्ण लक्ष्य रखा.

​पत्रकार-11 की ओर से सुनील कश्यप, ताहिर तैय्यब, अशोक नायडू, सुमित सेंगर और कार्तिक पाल ने उम्दा गेंदबाजी करते हुए कुछ महत्वपूर्ण विकेट झटके और मैच में रोमांच बनाए रखा.

पुलिस की धारदार गेंदबाजी

​150 रनों के लक्ष्य का पीछा करते हुए पत्रकार टीम की ओपनिंग जोड़ी सुनील कश्यप और ताहिर तैय्यब ने अच्छी शुरुआत की, लेकिन पुलिस-11 के मजबूत और सटीक गेंदबाजी आक्रमण के सामने मध्यक्रम लड़खड़ा गया. कार्तिक पाल, बादशाह खान, सुमित सेंगर और सोहेल खान जैसे खिलाड़ी रन गति को कायम नहीं रख पाए.

​पुलिस-11 ने शानदार गेंदबाजी करते हुए पत्रकार-11 के 6 विकेट गिराए और पूरी टीम को महज 79 रनों पर ही रोक दिया. इस तरह पुलिस-11 ने यह सद्भावना मुकाबला 70 रनों से अपने नाम कर लिया. ​शानदार बल्लेबाजी और बेमिसाल नेतृत्व क्षमता के लिए पुलिस-11 के कप्तान अभिजीत सिंह भदोरिया को ‘मैन ऑफ द मैच’ चुना गया.

खेल भावना की जीत

​मैच के समापन पर, बस्तर जिला पत्रकार संघ के अध्यक्ष मनीष गुप्ता ने दोनों टीमों को शानदार खेल के लिए बधाई दी. विजेता और उपविजेता टीमों के खिलाड़ियों ने एक-दूसरे से हाथ मिलाकर खेल भावना और सौहार्द का शानदार परिचय दिया. यह मुकाबला जीत-हार से ऊपर, सद्भावना और मैत्रीपूर्ण माहौल के लिए पूरी तरह सफल रहा.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You missed