जगदलपुर (डेस्क) – कलेक्टर हरिस एस. के सख्त निर्देश और जीरो टॉलरेंस नीति के तहत, जिला प्रशासन ने अवैध रूप से गौण खनिज रेत का उत्खनन करने वालों पर बड़ा शिकंजा कसा है. खनिज जांच दल ने बीते कल मंगलवार को ग्राम बनियागांव में औचक दबिश देकर उत्खनन में लगे छह वाहनों को तत्काल जब्त कर लिया और उनके विरुद्ध प्रकरण दर्ज किया.
मौके से 5 टिप्पर और एक पोकलेन मशीन जब्त
खनि अधिकारी शिखर चेरपा के मार्गदर्शन में की गई इस तेज कार्रवाई में, मौके से रेत का अवैध परिवहन कर रहे पाँच टिप्पर और उत्खनन में प्रयुक्त हो रही एक चैन माउण्टेन पोकलेन मशीन को रंगे हाथों पकड़ा गया. सभी जब्त वाहनों को तुरंत पुलिस अभिरक्षा में सौंप दिया गया है.
कठोर कानूनी धाराओं के तहत होगी कार्रवाई
खनिज जांच दल ने वाहन मालिकों के विरुद्ध छत्तीसगढ़ गौण खनिज नियमावली 2015 के नियम 71 सहपठित खान एवं खनिज अधिनियम 1957 की धारा 21 के अंतर्गत दण्डात्मक कार्यवाही सुनिश्चित करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है. इस टीम में खनि अधिकारी शिखर चेरपा, खनि निरीक्षक मृदुल गुहा, और खनि सिपाही डिकेश्वर खरे शामिल थे.
जिला प्रशासन ने चेतावनी दी है कि भविष्य में भी अवैध खनन के विरुद्ध यह अभियान लगातार जारी रहेगा.