सुकमा (डेस्क) – जिले में जगरगुंडा पुलिस ने एक बड़ी सफलता हासिल की है. पुलिस ने 2 लाख रुपये के इनामी महिला नक्सली मिडियम बुधरी को गिरफ्तार किया है. वह डीकेएमएस अध्यक्षा के पद पर थी और उसके खिलाफ यूएपीए के तहत मामला दर्ज था.
गिरफ्तार महिला नक्सली पर आरोप है कि वह सितंबर 2024 में जगरगुंडा क्षेत्र में एक ग्रामीण की हत्या में शामिल थी. ग्रामीण पर पुलिस मुखबिरी का आरोप लगाकर लकड़ी के डंडे से पीट – पीटकर और गले में रस्सी से गला घोंटकर हत्या की गई थी.
पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार महिला नक्सली के खिलाफ थाना जगरगुंडा में पूर्व से अपराध दर्ज है. उसे विशेष न्यायालय दंतेवाड़ा के समक्ष पेश कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है.
गिरफ्तारी के दौरान पुलिस ने बताया कि जिला सुकमा में वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में नक्सल उन्मूलन अभियान चलाया जा रहा है. इसी के तहत मुखबिर की सूचना पर पुलिस और सीआरपीएफ की संयुक्त टीम ने कार्रवाई की.
पुलिस अधिकारी तोमेश वर्मा और एसी हर्षदीप रंधावा के नेतृत्व में जिला बल, डीआरजी और सीआरपीएफ की टीम ने ग्राम गोंदपल्ली में घेराबंदी कर महिला नक्सली को गिरफ्तार किया.
गिरफ्तारी के बाद पुलिस अधिकारी ने बताया कि महिला नक्सली की गिरफ्तारी से क्षेत्र में नक्सलियों की गतिविधियों पर अंकुश लगेगा. पुलिस आगे भी नक्सल उन्मूलन अभियान में जुटी रहेगी और क्षेत्र में शांति स्थापित करने के लिए काम करेगी.00