जगदलपुर (डेस्क) – बस्तर विकास खंड के ग्राम पंचायत मधोता 02 कुंडगुड़ा साधुपारा के प्राथमिक शाला में एक शिक्षक की कमी के कारण बच्चों की शिक्षा प्रभावित हो रही है. इस समस्या के समाधान के लिए, साधुपारा के ग्रामीणों ने विकास खंड शिक्षा अधिकारी कार्यालय में ज्ञापन सौंपा है, जिसमें एक और शिक्षक की नियुक्ति की मांग की गई है.

ग्रामीणों का नेतृत्व पूर्व उप सरपंच सुखदेव कश्यप ने किया, जिन्होंने कहा कि प्राथमिक शाला में एक और शिक्षक की नियुक्ति से बच्चों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा प्रदान करने में मदद मिलेगी. शाला प्रबंधन समिति अध्यक्ष बुधमन कश्यप ने बताया कि वैकल्पिक व्यवस्था के तौर पर स्थानीय प्रशिक्षित डीएड योग्यता धारी युवाओं को अतिथि शिक्षक के रूप में नियुक्त किया जा सकता है.
ज्ञापन सौंपने वालों में बुधमन कश्यप, अनत कश्यप, शंकर कश्यप, धरमसिंह मौर्य, सुखदेव कश्यप, नानी कश्यप, मोहन मांडवी, अमर कश्यप, जुगधर बघेल, राजेश कश्यप, मानसिंह कश्यप, गुडु कश्यप, शीलधर बघेल, तुला कश्यप, लखमू बघेल आदि प्रमुख थे.
ग्रामीणों ने मांग की है कि प्राथमिक शाला साधुपारा में तत्काल प्रभाव से एक और शिक्षक की नियुक्ति की जाए, ताकि बच्चों की शिक्षा प्रभावित न हो. अब देखना यह है कि विकास खंड शिक्षा अधिकारी इस मामले में क्या कार्रवाई करते हैं और कब तक प्राथमिक शाला साधुपारा में एक और शिक्षक की नियुक्ति हो पाती है.