जगदलपुर (डेस्क) – भाजपा ने पंडित दीनदयाल उपाध्याय की जयंती को ‘सेवा पखवाड़ा’ के रूप में मनाते हुए बाढ़ प्रभावित मांदर गांव में राहत सामग्री वितरित की. इस कार्यक्रम में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष किरण सिंह देव, बस्तर सांसद महेश कश्यप और विधायक विनायक गोयल सहित कई वरिष्ठ नेता शामिल हुए.
सेवा ही संगठन का संकल्प
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष किरण सिंह देव ने कहा कि पंडित दीनदयाल उपाध्याय का जीवन अंत्योदय और सेवा को समर्पित था. आज उनकी जयंती पर, भाजपा ने ‘सेवा ही संगठन’ के अपने संकल्प को निभाते हुए बाढ़ पीड़ितों की मदद की है. उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार हर विपत्ति में जनता के साथ खड़ी है और यह सुनिश्चित करेगी कि हर प्रभावित परिवार को सरकारी सहायता और राहत सामग्री मिले.
बाढ़ पीड़ितों को हर संभव मदद का वादा
बस्तर सांसद महेश कश्यप ने कहा कि यह सेवा पखवाड़ा केवल एक अभियान नहीं, बल्कि भाजपा के संस्कारों का प्रतीक है. उन्होंने कहा कि केंद्र और राज्य सरकार के माध्यम से बाढ़ प्रभावित परिवारों को हर संभव सहायता पहुंचाई जाएगी.
विधायक विनायक गोयल ने कहा कि जनता के दुख-सुख में सहभागी बनना हमारा कर्तव्य है. उन्होंने यह भी आश्वासन दिया कि राहत सामग्री के वितरण के बाद भी, प्रभावित परिवारों को पुनर्वास, स्वास्थ्य और शिक्षा जैसी सहायता मिलती रहेगी.
262 से अधिक परिवारों को मिली राहत
इस दौरान मांदर गांव के 262 से अधिक बाढ़ प्रभावित परिवारों को राशन, कपड़े, साफ-सफाई किट और बच्चों के लिए ज़रूरी सामान वितरित किया गया. भाजपा कार्यकर्ताओं ने घर-घर जाकर भी सामग्री पहुंचाई.
इस कार्यक्रम में पूर्व सांसद दिनेश कश्यप, पूर्व विधायक लच्छुराम कश्यप, बैदूराम कश्यप और जिला अध्यक्ष वेद प्रकाश पाण्डेय सहित बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता और ग्रामीण उपस्थित रहे.