जगदलपुर (डेस्क) – बस्तर जिले के नगरनार थाना क्षेत्र में एक चौंकाने वाली घटना सामने आई है, जहाँ एक युवक ने घर में अकेली पाकर एक महिला के साथ छेड़छाड़ की. पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है.
यह घटना बीते 5 सितंबर की रात 10:30 बजे हुई. जब महिला के परिवार के सदस्य और उसके पति एक गणेश पंडाल कार्यक्रम देखने गए थे, तब महिला घर में अकेली थी. इसी दौरान, पड़ोस में रहने वाले आरोपी गुप्तो कश्यप (25) ने उसे अकेला देखकर उसके घर में घुस गया और बुरी नीयत से उसके साथ छेड़खानी की.
घटना के बाद, पीड़िता ने 8 सितंबर को नगरनार थाने में आरोपी के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई. शिकायत के आधार पर पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता की धारा 74 और 331 के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की.
पुलिस अधीक्षक शलभ कुमार सिन्हा और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक महेश्वर नाग के निर्देश पर, नगर पुलिस अधीक्षक सुमीत कुमार (IPS) के पर्यवेक्षण में एक विशेष टीम का गठन किया गया. इस टीम ने आरोपी गुप्तो कश्यप की तलाश की और उसे हिरासत में ले लिया.
थाने में पूछताछ के दौरान आरोपी ने अपना गुनाह कबूल कर लिया, जिसके बाद पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया. आवश्यक कार्यवाही करते हुए पुलिस ने आरोपी को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है.