जगदलपुर (डेस्क) – जिले में एक बार फिर से अज्ञात चोर ने बड़ी चोरी की घटना को अंजाम दिया है. अज्ञात चोर ने एक घर को अपना निशाना बनाते हुए वहां से लाखों रुपए नगद और सोने – चांदी के कीमती जेवरातों को पार कर दिया है. चोरी की घटना की रिपोर्ट दर्ज होने के बाद पुलिस अज्ञात चोर की पतासाजी में जुट गई है.

मिली जानकारी के अनुसार शहर से सटे ग्राम बिलोरी के बैदारगुड़ा पारा निवासी जगत राम नाग का शहर के संजय बाजार में आलू प्याज का दुकान है. रोजाना की तरह जगत राम नाग बीते कल शुक्रवार की सुबह करीबन 6:30 बजे अपने घर से निकलकर अपनी दुकान के लिए चला गया. इसके बाद जगत राम के पिता और बहन अपने खेत में धान रोपाई करने के लिए चले गए. दोपहर करीबन 12 बजे घर में ताला लगाकर जगत राम की माता भी उसकी बहन और पिता के लिए खाना लेकर खेत की तरफ चली गई. इसके करीबन एक घण्टे के बाद लगभग 1 बजे जगत राम के पिता अपने खेत से वापस घर पहुंचे. घर पहुंचते ही उन्होंने देखा कि उनके पुराने घर के दरवाजे में लगा ताला टूटा हुआ था. घर के अंदर घुसकर उन्होंने देखा कि घर में रखे अलमारी का दरवाजा भी टूटा और खुला हुआ था. अलमारी में रखा लगभग 5 लाख रुपए और सोने – चांदी आभूषण, जिसकी कीमत 75 हजार रुपए बताई गई है, गायब थे. इसके बाद पिता ने इस पूरे घटना की जानकारी जगत राम को दी. जिसके बाद जगत राम अपनी दुकान से वापस अपने घर पहुंच गया. इसके बाद जगत राम नाग ने इस मामले को लेकर परपा थाने में अज्ञात चोर के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराया है. एफआईआर दर्ज होने के बाद पुलिस अज्ञात चोर की पतासाजी में जुट गई है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You missed