जगदलपुर (डेस्क) – शहर में आज मंगलवार की सुबह एक बड़ा हादसा हुआ है. इस हादसे में एक ट्रैक्टर की रेत से भरी ट्रॉली की पलटने और उसकी चपेट में आने की वजह से एक गर्भवती महिला समेत दो लोग घायल हो गए है. दोनों ही घायलों को बेहतर ईलाज के लिए स्थानीय लोगों की मदद से अस्पताल में भर्ती कराया गया है.
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार शहर के अनुपमा चौक की तरफ से रेत से भरा एक ट्रैक्टर तेज रफ्तार से धरमपुरा की ओर जा रहा था. इसी दौरान बिनाका मॉल के नजदीक तेज रफ्तार ट्रैक्टर ने दो वाहनों को टक्कर मार दिया. वाहनों को टक्कर मारने के बाद ट्रैक्टर के पीछे रेत से भरी ट्रॉली पलट गई. इस हादसे में एक गर्भवती महिला समेत दोनों लोग घायल हो गए. हादसे के तत्काल बाद घटनास्थल के आसपास मौजूद लोगों ने दोनों घायलों को बेहतर ईलाज के अस्पताल पहुंचाया. हादसे के बाद अनुपमा चौक से लेकर बालाजी मंदिर तक लंबा जाम लग गया. प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक सूचना देने के बाद भी पुलिस आधे घण्टे तक मौके पर नही पहुंची. बताया गया कि स्थानीय पार्षद ने भी खुद इस घटना की सूचना पुलिस को दी थी. इसके बाद जाम की स्थिति को देखते हुए स्थानीय पार्षद और वहां मौजूद लोगों की मदद से ट्रैक्टर को सड़क से हटाया. जिसके बाद उक्त सड़क में आवागमन फिर से शुरू हो सका.
ट्रैफिक नियमों की उड़ रही धज्जियां
इस घटना के बाद शहर में वाहनों की रफ्तार को लेकर एक बार फिर से सवाल उठ गए है. कुछ शहवासियों ने बताया कि शहर में रोजाना कहीं ना कहीं रफ्तार के कहर की जानकारी मिलते ही रहती है. ऐसे कई मामले तो थानों तक पहुंचते ही है, वहीं कई मामले नही पहुंचते है. शाम होते ही शहर के मुख्य मार्गों में तेज रफ्तार वाहन चालकों को देखा जा सकता है. कुछ वाहन चालक तो कोतवाली थाने के सामने से ही अपनी तेज रफ्तार वाहनों में सवार होकर दिखाई देते है. मानों जैसे वह युवा ट्रैफिक पुलिस को खुली चुनौती दे रहे हो. शहरवासियों ने ऐसे तेज रफ्तार वाहन चालकों द्वारा ट्रैफिक नियमों की धज्जियां उड़ाने की भी बात कही है. उन्होंने बताया कि ऐसे तेज रफ्तार वाहन चालकों की वजह से शहर में कभी भी कोई बड़ा हादसा हो सकता है.