जगदलपुर (डेस्क) – एंटी नक्सल ऑपेरशन पर निकले सुरक्षाबल के जवानों और माओवादियों के बीच आज बुधवार की सुबह से जबरदस्त मुठभेड़ चल है. मुठभेड़ में जवानों को बड़ी सफलता मिलने की खबर भी सामने आ रही है. इस मुठभेड़ में जवानों के द्वारा 15 से 20 माओवादियों को मार गिराने की अपुष्ट जानकारी मिल रही है.
सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार बस्तर संभाग के नक्सल प्रभावित नारायणपुर जिले में स्थित अबूझमाड़ इलाके में सुरक्षाबल को माओवादियों के माड़ डिवीज़न के बड़े माओवादी कैडरों की मौजूदगी की सूचना मिली थी. सूचना मिलने के बाद 4 जिलों नारायणपुर, दंतेवाड़ा, बीजापुर और कोंडागांव डीआरजी की एक संयुक्त टीम को अबूझमाड़ इलाके में एंटी नक्सल ऑपेरशन के लिए रवाना किया गया था. इसी ऑपेरशन के दौरान आज सुबह सुरक्षाबल के जवानों और माओवादियों के बीच जबरदस्त मुठभेड़ हुई है. सूत्रों की अगर माने तो इस मुठभेड़ में जवानों ने 15 से 20 माओवादियों को मार गिराया है. बताया जा रहा कि जवानों और माओवादियों के बीच अभी भी मुठभेड़ जारी है. इस मामले में ऐसी भी जानकारी निकलकर सामने आ रही है कि सुरक्षाबल के जवानों ने माओवादियों के बड़े कैडरों को घेर लिया है. फिलहाल इस मामले में नारायणपुर एसपी प्रभात कुमार ने जवानों और माओवादियों के बीच चल रही मुठभेड़ की पुष्टि कर दी है. वहीं इस मुठभेड़ में मारे गए माओवादियों के बारे में किसी प्रकार की कोई पुष्टि नही हुई है.