सुकमा (नवीन कश्यप) – पूर्व आबकारी मंत्री कवासी लखमा के गिरफ्तारी के विरोध में आज उनके समर्थकों एवं कांग्रेस पार्टी के कार्यकर्ताओं ने आज गुरुवार को सुकमा जिला बंद का आव्हान किया था. सुबह से ही जिला मुख्यालय समेत तीनों विकासखंडों में व्यापारिक प्रतिष्ठानों में बंद का व्यापक असर देखने को मिला.
कवासी लखमा के समर्थकों एवं कांग्रेस पार्टी के कार्यकर्ताओं द्वारा बुलाए गए इस बंद के दौरान कार्यकताओं ने शहर में पुतला दहन करने के साथ साथ नारेबाजी कर ईडी के द्वारा लखमा की गिरफ्तारी की इस कार्यवाही का विरोध किया. इस दौरान भारी संख्या में कांग्रेसी कार्यकर्ता और समर्थक भी मौजूद रहे.
कल पुछताछ के बाद ईडी ने लखमा को किया था गिरफ्तार
छत्तीसगढ़ में कांग्रेस शासनकाल में हुए शराब घोटाले मामले में बीते कल ईडी ने कवासी लखमा को तीसरी बार पूछताछ के लिए अपने कार्यालय बुलाया था, जिसके बाद ही लखमा को गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश किया गया था. यह शराब घोटाल लगभग 2161 करोड़ रुपए का है, जिसकी जांच ईडी द्वारा की जा रही है. इसी मामले में कल लखमा से तीसरी बार पूछताछ की गई और उसके बाद गिरफ्तार कर उन्हें कोर्ट में पेश किया गया.