जगदलपुर- छत्तीसगढ़ के बस्तर में लगातार गांजा तस्करों पर हो रही कार्रवाई के बावजूद तस्करों के हौसले बुलंद है. बस्तर में गांजा तस्करी के खिलाफ पुलिस की कार्रवाई लगातार जारी है. पिछले दो दिनों में पुलिस ने अलग-अलग कार्रवाई करते हुए करीब 56 किलो गांजा जब्त किया है. जिसकी अनुमानित कीमत करीब 28 लाख रुपये आंकी गई है. दोनों मामलों में दो आरोपियों को जेल भेज दिया गया है.
पहला मामला बोधघाट थाना क्षेत्र का है. 30 अगस्त को मुखबिर से सूचना मिली थी कि एक व्यक्ति स्कूटी से गांजा लेकर ओडिशा की ओर से नानगुर होते हुए जगदलपुर की ओर आ रहा है. सूचना के आधार पर पुलिस ने आड़ावाल रेलवे फाटक के पास संदिग्ध स्कूटी को रोका. तलाशी लेने पर स्कूटी सवार लखमू नाग, निवासी कावापाल नाकापारा के कब्जे से सफेद बोरी में रखा 14.144 किलो गांजा बरामद हुआ. जिसकी कीमत करीब 7 लाख 7 हजार आंकी गई. इसके अलावा स्कूटी, मोबाइल और 500 रुपये नगद भी जब्त किए गए हैं. आरोपी के खिलाफ धारा 20(b) और NDPS एक्ट के तहत अपराध पंजीबद्ध करते हुए न्यायिक रिमांड में जेल भेज दिया गया.

दूसरा मामला 31 अगस्त को करपावंड थाना क्षेत्र का है. पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि छतौड़ी गांव का 25 वर्षीय लालू प्रसाद बघेल अपने घर में गांजा छिपाकर रखा है. पुलिस की टीम ने आरोपी के घर की तलाशी ली तो घर के आंगन की बाड़ी में जमीन के अंदर प्लास्टिक ड्रम छिपाकर रखा मिला. इसके अलावा घर के अंदर एक सफेद बोरी में भी गांजा रखा गया था. दोनों जगह से पुलिस ने करीब 42 किलो गांजा बरामद किया,. जिसकी कीमत करीब 21 लाख रुपये आंकी गई. पुलिस ने आरोपी के पास से एक मोबाइल और 1200 रुपये नगद भी जब्त किया है. आरोपी के खिलाफ NDPS एक्ट की धारा 20(ख) के तहत मामला दर्ज कर न्यायिक रिमांड में जेल भेज दिया गया है.
सीएसपी का कहना है कि गांजा तस्करी के पूरे मामले की जांच की जा रही है. दोनों ही तस्कर गांजा को कौन से इलाके से लेकर आ रहे थे. और कहां पहुंचाना उनकी मंशा थी. तस्करी के मामले में केवल दो ही व्यक्ति शामिल है या पूरा गिरोह काम कर रहा है. इसकी भी जांच की जा रही है. जिस पर आगे आवश्यक कार्रवाई की जाएगी.