जगदलपुर (गनपत भारद्वाज). कोतवाली थाना क्षेत्र में बीती रात पुरानी रंजिश को लेकर दो गुटों में जमकर मारपीट हुई. इस मारपीट के दौरान युवकों ने एक दूसरे पर चाकुओं से हमला कर दिया. सूचना मिलने के बाद पुलिस ने सभी आरोपियों को घटना के 24 घण्टों के अंदर ही गिरफ्तार कर लिया है. वहीं इस मारपीट के मामले में पुलिस ने एक नाबालिक को भी गिरफ्तार किया है. इस घटना में एक युवक घायल हो गया है. जिसका ईलाज अस्पताल में जारी है.

मिली जानकारी के अनुसार बीते कल सोमवार की रात पावर हाउस निवासी कृष्णा भूरा अपने तीन दोस्त आयुष पांडेय, सौरभ झा और तनिष यादव के साथ दुर्गा चौक की ओर घूमने पहुंचे हुए थे. यहां भावेश यादव नामक एक युवक अपने एक नाबालिक दोस्त और मोहित यादव के साथ पहले से मौजूद था. युवकों के दोनों गुटों के बीच पहले से ही पुरानी रंजिश को लेकर विवाद चल रहा था. आमने – सामने आने पर दोनों गुटों के युवक आपस में भीड़ गए. गाली गलौज करते हुए सभी युवक आपस में जमकर मारपीट करने लगे. मारपीट के दौरान एक गुट के युवक ने दूसरे गुट के युवकों पर चाकुओं से भी हमला कर दिया. चाकू के इस हमले में दो युवक घायल भी हो गए. इसी बीच घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस भी मौके पर पहुंच गई. इसके बाद पुलिस ने मामले की जांच करते हुए इस घटना में शामिल सभी आरोपियों भावेश यादव (26) निवासी दुर्गा चौक, मोहित यादव (20) निवासी दुर्गा चौक, कृष्णा भूरा (20) निवासी पावर हाउस चौक, सौरभ झा (20) निवासी मोतीतालाब पारा और एक नाबालिक लड़के को गिरफ्तार कर लिया है. पुलिस ने युवकों के पास से 2 चाकू भी बरामद किया है. बताया गया कि इस घटना में आयुष पांडेय (18) निवासी पावर हाउस चौक को ज्यादा चोट लगी है. जिसे बेहतर उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है. बताया जा रहा है कि स्वस्थ्य होने के बाद पुलिस आयुष को भी गिरफ्तार करेगी. फिलहाल पुलिस ने धारा 170/126, 135 बीएनएसएस के तहत प्रतिबंधात्मक कार्यवाही करते हुए सभी आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You missed