सुनील कश्यप, बस्तर- छत्तीसगढ़ के बीजापुर जिले में एक बार फिर से नक्सलियों और जवानों के बीच मुठभेड़ हुई है. लगातार इन इलाकों में नक्सलियों की गतिविधियां तेज हो गई है. छूट पुट घटनाओं के साथ ही बड़ी घटनाओं को भी अंजाम देकर नक्सली अपनी उपस्थिति दर्ज करा रहे हैं. नक्सलियों ने आज सुबह जिले के नए पुलिस कैम्प गुंडम में UBGL ( अंडर बैरल ग्रेनेड लॉन्चर ) से हमला किया है. नक्सलियों के इस हमले के बाद जवानों ने भी मोर्चा संभालते हुए नक्सलियों पर जवाबी कार्रवाई की. जवाबी कार्रवाई में जवानों को भारी पड़ता देख नक्सली भाग खड़े हुए. जिसके बाद जवानों और BDS की टीम ने आसपास के इलाके में सर्चिंग किया. सर्चिंग के दौरान जवानों ने 5-5 किलो के 6 IED बम बरामद किया. और नक्सलियों के बड़े साजिश को नाकाम किया है. यह कैम्प तर्रेम थाना क्षेत्र में स्थापित है.
बस्तर आईजी सुंदरराज पी. ने जानकारी देते हुए बताया कि लगातार नक्सलियों के कोर इलाके में नवीन सुरक्षा कैम्प स्थापित करके उनका कमर तोड़ा जा रहा है. इस कारण से नक्सली बौखलाए हुए हैं. और जवानों पर हमला कर रहे हैं. लेकिन नक्सली मोर्चे पर तैनात जवान मजबूती के साथ नक्सलियों से लड़ रहे हैं. और आज भी जवानों ने नक्सलियों के एक बड़ी साजिश को नाकाम किया है.
गौरतलब है कि 30 जनवरी को सुकमा-बीजापुर जिले के सरहदी इलाका टेकलगुड़ा में भी नवीन सुरक्षा कैम्प स्थापित किया गया. कैम्प स्थापना के दौरान माओवादियों ने जवानों पर ताबड़तोड़ गोलियां बरसाई. और जवानों के भी नक्सलियों को जवाबी कार्रवाई की. करीब 4 घंटे तक चली इस मुठभेड़ के बाद 3 जवान शहीद हो गए. वहीं 15 जवान घायल हो गए. साथ ही जवानों ने काफी संख्या में नक्सलियों के भी मारे जाने का दावा किया था. हालांकि नक्सलियों ने प्रेस नोट के माध्यम से 2 नक्सलियों के मारे जाने का जिक्र किया.