गनपत भारद्वाज, बस्तर- छत्तीसगढ़ के नक्सल प्रभावित अबूझमाड़ के जंगलों में माओवादियों और जवानों के बीच एक बड़ी मुठभेड़ हुई है. और इस मुठभेड़ में 4 वर्दीधारी माओवादी मारे गए हैं. वहीं सुरक्षाबल का एक जवान शहीद हो गया है. घटनास्थल से माओवादियों का हथियार भी बरामद किया गया है.
बस्तर आईजी सुंदरराज पी ने बताया कि नक्सल विरोधी अभियान के तहत 3 जनवरी को नारायणपुर, दंतेवाड़ा, जगदलपुर और कोंडागांव जिले की DRG और STF की संयुक्त टीम को सर्चिंग अभियान के लिए अबूझमाड़ के जंगल में रवाना किया गया था. सर्चिंग के दौरान 04 जनवरी की शाम से जवानों और माओवादियों के बीच रुक रुक कर मुठभेड़ शुरू हुई. जो 5 तारीख की सुबह तक जारी है. मुठभेड़ के बाद घटना स्थल की सर्चिंग करने पर जवानों ने 4 वर्दीधारी माओवादियों के शव को बरामद किया है. वहीं इस मुठभेड़ में दंतेवाड़ा DRG के जवान प्रधान आरक्षक सन्नू कारम शहीद हो गए. घटना स्थल से जवानों ने AK-47 और एसएलआर जैसे ऑटोमेटिक हथियार बरामद किया गया. साथ ही इलाके में मुठभेड़ और सर्चिंग अभियान जारी है. बस्तर आईजी सुंदरराज पी ने बताया कि अभियान के समापन के बाद विस्तृत जानकारी दी जायेगी.