जगदलपुर (डेस्क) – बस्तर में जल जीवन मिशन के काम में लापरवाही और सुस्ती अब बर्दाश्त नहीं की जाएगी. कलेक्टर हरिस एस. ने एक सख्त कदम उठाते हुए 10 ठेकेदारों को ब्लैक लिस्ट कर दिया है. ये वो ठेकेदार थे, जिन्हें 16 गांवों में काम सौंपा गया था, लेकिन नोटिस मिलने के बाद भी उन्होंने काम को या तो शुरू ही नहीं किया या उसे अधूरा छोड़ दिया.

​कलेक्टर ने साफ चेतावनी दी है कि यह सिर्फ शुरुआत है. भविष्य में जो भी ठेकेदार या एजेंसी काम में लापरवाही दिखाएगा, उसके खिलाफ और भी कड़ी कार्रवाई होगी. उन्होंने कहा कि जल जीवन मिशन ग्रामीणों को शुद्ध पेयजल मुहैया कराने की एक महत्वपूर्ण योजना है और इसमें किसी भी तरह की कोताही की गुंजाइश नहीं है.

​जिन ठेकेदारों को ब्लैक लिस्ट किया गया है, उनमें यादव कंस्ट्रक्शन, गणपति सेल्स, वीआर कंस्ट्रक्शन (सभी जगदलपुर), बीआर इन्वायारा सॉल्यूशन (भिलाई), बंशीलाल गंजीर (भानपुरी), आरबी ड्रिलर्स, भारत इन्फ्रा, किसान बोरवेल्स (सभी केशकाल), छत्रपति कंस्ट्रक्शन (जगदलपुर) और लखन सिंह (रायपुर) शामिल हैं. इन सभी की जमानत राशि भी जब्त कर ली गई है.

​कलेक्टर ने अधिकारियों को भी निर्देश दिए हैं कि वे हर एक काम पर पैनी नजर रखें और तय समय पर प्रगति रिपोर्ट पेश करें, ताकि ग्रामीण इलाकों में पेयजल की कमी जल्द से जल्द खत्म हो सके.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You missed