जगदलपुर. नक्सलियों ने एक बार फिर से अपनी मौजूदगी दर्ज कराते हुए कायराना हरकत को अंजाम दिया है. नक्सलियों ने साप्ताहिक बाजार से एक युवक का अपहरण करने के बाद उसकी बेरहमी से हत्या कर दी है.

मिली जानकारी के अनुसार नक्सल प्रभावित बीजापुर जिले के गंगालूर थाना क्षेत्र में बीते दिनों साप्ताहिक बाजार से नक्सलियों ने पिस्टल और चाकू की नोंक पर मुकेश हेमला नामक एक युवक का अपहरण कर लिया था. अपहरण करने के बाद मुकेश को नक्सली अपने साथ जंगल की ओर लेकर चले गए. इसके बाद नक्सलियों ने मुकेश की धारदार हथियार से गला रेतकर हत्या कर दी है. हत्या करने के बाद नक्सलियों ने मुकेश की लाश को गंगालूर थाना क्षेत्र के रेड्डी गांव के पास फेंक दिया है. सुबह गांव के पास युवक की लाश मिलने के बाद ग्रामीणों के बीच दहशत का माहौल है. सूत्रों की माने तो युवक की लाश के पास नक्सलियों ने पर्चा भी फेंका है. जिसमें नक्सलियों ने युवक पर मुखबिरी करने का आरोप लगाया है. आशंका जताई जा रही है कि इस घटना को नक्सलियों की स्मॉल एक्शन टीम ने अंजाम दिया है. बताया जा रहा है कि घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंच गई है. इसके साथ ही पुलिस ने इस पूरे मामले को लेकर अपनी जांच शुरू कर दी है. बता दें कि, बीते 15 दिनों के अंदर ही नक्सलियों ने 7 ग्रामीणों पर मुखबिरी का आरोप लगाते हुए उनकी बेरहमी से हत्या कर दी है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You missed