जगदलपुर (अमन दास मानिकपुरी). जिले में पुलिस के द्वारा अवैध शराब का गोरखधंधा करने वालों के खिलाफ लगातार मुहिम चलाया जा रहा है. बीते दिनों भी पुलिस ने जिले के एक थाना क्षेत्र में बड़ी मात्रा में अवैध अंग्रेजी शराब की तस्करी करते दो तस्करों को रंगे हाथों गिरफ्तार किया था. वहीं बीते शनिवार को भी पुलिस ने दो आरोपियों के पास से भारी मात्रा में अंग्रेजी शराब का जखीरा बरामद किया है.

मिली जानकारी के अनुसार पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि दो व्यक्ति जंगल में बने लाड़ी कोठार में बड़ी मात्रा में अवैध अंग्रेजी शराब छिपाकर लोगों को बेच रहे है. सूचना मिलते ही बस्तर पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों के दिशा निर्देश पर बकावंड थाना प्रभारी डोमेन्द्र सिन्हा के नेतृत्व में पुलिस की टीम को तत्काल ही मुखबिर द्वारा बताए गए जगह ग्राम करंजी के कुरलुमारी के पास स्थित जंगल के लिए रवाना कर दिया गया. मौके पर पहुंचते ही पुलिस ने जंगल में बने लाड़ी कोठार में छापा मारा. इस छापे में पुलिस ने वहां से दो व्यक्तियों को धर दबोचा. इसके बाद पुलिस ने लाड़ी कोठार की तलाशी ली. इस तलाशी में पुलिस ने कोठार से अवैध अंग्रेजी शराब गोआ व्हिस्की की 38 पेटियां बरामद की. पुलिस ने बताया कि प्रत्येक पेटी में 50 – 50 नग पौवा व्हिस्की अंग्रेजी शराब भरा हुआ सीलबंद मिला है. जिसकी कीमत 2 लाख 56 हजार रुपये आंकी गई है. पुलिस की कड़ी पूछताछ में पकड़े गए आरोपी डोमन नेताम (42), आयतु कश्यप (36) दोनों निवासी खोटलापाल ठोठियापारा ने अपना जुर्म कबूल कर लिया. जुर्म कबूल करते ही पुलिस ने आबकारी एक्ट की धारा 34 (2), 59 (ए), 36 के तहत मामला दर्ज करते हुए दोनों आरोपियों को जेल भेज दिया है. पुलिस ने बताया कि अवैध अंग्रेजी शराब के अलावा आरोपियों के पास से चार हजार पांच सौ रुपये नगद, दो मोबाइल फ़ोन और एक बाइक सीजी 17 जेडएच 0854 भी जप्त किया गया है.
ज्ञात हो कि, बीते शनिवार को ही नगरनार थाना क्षेत्र में पुलिस ने एक कार में 28 पेटी अवैध शराब की तस्करी करने वाले दो तस्करों को रंगे हाथों गिरफ्तार किया था.