जगदलपुर (अमन दास मानिकपुरी). बीच सड़क आज शुक्रवार की सुबह एक अज्ञात विकलांग युवक की अर्धनग्न और संदिग्ध परिस्थितियों में लाश मिली है. लाश मिलने के बाद ईलाके में सनसनी फैल गई है. लाश मिलने की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई. आवश्यक कार्यवाही करने के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है. इसके साथ ही पुलिस मृतक की शिनाख्ती में भी जुट गई है.
मिली जानकारी के अनुसार बस्तर ब्लॉक के ग्राम बोड़नपाल के कुछ लोग रोजाना की तरह आज सुबह भी सैर करने के लिए अपने घरों से निकले हुए थे. सैर करते हुए जैसे वह लोग बाजार लगने वाली जगह पर पहुंचे तो उन्होंने सड़क के बीच एक अज्ञात विकलांग युवक की अर्धनग्न लाश देखी. डरे सहमे लोगों ने लाश मिलने की सूचना तुरंत ही घोटिया थाना पुलिस को दी. लाश मिलने की सूचना मिलते ही पुलिस भी मौके पर पहुंच गई. बताया गया है कि मृतक के शरीर में अलग अलग जगहों में चोट के निशान मिले है. इसके साथ ही मृतक के सिर में गम्भीर चोट लगी है. मृतक की आयु लगभग 45 वर्ष बताई गई है. सूत्रों के मुताबिक लाश को देखने से ऐसा प्रतीत हो रहा था कि मृतक के कपड़े को उसके शरीर से जबरन निकालने की कोशिश की गई है. पुलिस ने बताया है कि लाश के पास गाड़ी के टायर के कुछ निशान मिले है. अब यह मामला सड़क हादसा है या हत्या, यह तो मृतक की पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही कुछ कहा जा सकता है. फिलहाल बताया गया है कि पुलिस इस पूरे मामले को लेकर बारीकी से जांच करते हुए मृतक की शिनाख्ती में जुट गई है.