जगदलपुर (अमन दास मानिकपुरी). प्रदेश सरकार के द्वारा विभिन्न मांगों को गम्भीरता से नही लेने से नाराज छत्तीसगढ़ नगर निकाय प्लेसमेंट कर्मचारी महासंघ के द्वारा आगामी दिनों में अनिश्चितकालीन हड़ताल करने का आव्हान किया गया है. जिसकी वजह से छत्तीसगढ़ के सभी नगर निकायों में मूलभूत सुविधाओं पर असर पड़ेगा.

छत्तीसगढ़ नगर निकाय प्लेसमेंट कर्मचारी महासंघ के बस्तर जिला अध्यक्ष शक्ति वेल ने बताया कि छत्तीसगढ़ नगरीय निकाय प्लेसमेंट कर्मचारी महासंघ के अंतर्गत कुल 184 नगरीय निकायों (नगर निगम 14, नगर पालिका 48 और नगर पंचायत 122) में विगत 15 – 20 वर्षों से कार्यरत 20 हजार प्लेसमेंट / आउटसोर्सिंग / ठेका कर्मचारी का एक मात्र संगठन है. संघठन के समस्त कर्मचारी निकायों में तृतीय और चतुर्थ श्रेणी के कर्मचारियों के समकक्ष कार्यों का निर्वहन करते है. और अपने साथी कर्मचारियों के हितार्थ अपनी मांग को लेकर विगत वर्षों से निरंतर संघर्षरत है. उन्होंने कहा कि महासंघ के द्वारा विगत वर्षों से नगरीय निकायों में कार्यरत प्लेसमेंट कर्मचारियों को शासन के अन्य विभागों के तर्ज पर निकायों से सीधे वेतन का भुगतान किए जाने के लिए समय – समय पर धरना, प्रदर्शन कर अपनी मांगों को लेकर शासन को अवगत कराते आ रहे है. लेकिन शासन – प्रशासन द्वारा उनकी मांगों पर कोई आवश्यक कार्यवाही नही हुई है. जिसकी वजह से 184 निकायों में काम करने वाले 20 हजार प्लेसमेंट कर्मचारी और उनका परिवार असंतोष और आक्रोशित है. उन्होंने कहा कि निकायों में कार्यरत प्लेसमेंट कर्मचारियों को निकायों से सीधे भुगतान (4 हजार श्रम सम्मान राशि सहित) किये जाने पर शासन को किसी भी प्रकार की अतिरिक्त व्यय का वहन नही करना पड़ेगा. शक्ति वेल ने कहा कि शासन द्वारा उनकी मांगों को गम्भीरता से नही लेने की वजह से महासंघ ने आगामी 19 नवंबर 2024 से समस्त नगरीय निकायों के प्लेसमेंट कर्मचारी अनिश्चितकालीन हड़ताल पर जाने का निर्णय लिया है. उन्होंने बताया कि इस दौरान प्रदेश के सभी नगरीय निकायों में मूलभूत सुविधाओं जैसे सफाई कार्य, जल कार्य, विद्युत कार्य, कार्यालयीन कार्य, लोक सेवा कार्य सभी कार्य बंद रहेंगे.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You missed