जगदलपुर (अमन दास मानिकपुरी). आगामी दिनों में जिले में होने वाले लोकसभा चुनाव और होली त्यौहार के दौरान शांति व्यवस्था भंग करने वालों को पुलिस ने कड़ी चेतावनी दी है. इसके साथ ही पुलिस ने जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों में रहने वाले निगरानीशुदा गुंडा बदमाशों को कोतवाली थाना में हाजिर कर समझाईश दी है.

एएसपी महेश्वर नाग ने बताया कि जिले में बेहतर पुलिसिंग की दिशा में एसपी शलभ सिन्हा के नेतृत्व में कार्यवाही की जा रही है. इसी क्रम में बीते कल मंगलवार को लोकसभा चुनाव और होली त्यौहार में शांति व सुरक्षा व्यवस्था बनाये रखने के मद्देनजर जिले के सभी निगरानी गुंडा बदमाशों को सम्बंधित थानों में हाजिर किया गया. जिसमें सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र के 6, परपा थाना क्षेत्र से 5, और बोधघाट थाना क्षेत्र से 14 निगरानी गुंडा बदमाशों को कोतवाली थाना में हाजिर हुए. वर्तमान स्थिति और कामकाज के सम्बंध में जानकारी लेकर निकट भविष्य में होने वाले लोकसभा चुनाव और होली त्यौहार के दौरान किसी भी प्रकार की आपराधिक घटना नही करने की कड़ी हिदायत एएसपी ने दी है. वहीं उक्त निगरानी बदमाशों को अपने अपने क्षेत्र में अपराध रोकने और वहां के युवाओं को खुद का उदाहरण देकर अपराध से सम्बंधित जानकारी देकर जागरूक करने की समझाईश दी. एएसपी ने बताया कि थानों में हाजिर गुंडा बदमाशों को अपराध नही करने की चेतावनी दी गई है. इसके साथ ही एएसपी ने कहा है कि पुलिस एक एक गुंडों के गतिविधियों पर नजर रख रही है, अगर नही सुधरे तो फिर जेल जाना पड़ेगा.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *