जगदलपुर (अमन दास मानिकपुरी). लोकसभा चुनाव के तीन दिन पहले आज मंगलवार की दोपहर को सुरक्षाबल के जवानों को बड़ी कामयाबी मिली है. जवानों और नक्सलियों के बीच हुए जबरदस्त मुठभेड़ में जवानों ने 18 से ज्यादा नक्सलियों को मार गिराया है. इस मामले की पुष्टि कांकेर एसपी आई. कल्याण एलेसेला ने की है.
सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार बस्तर संभाग के कांकेर जिले छोटे बैठिया थाना क्षेत्र के बिनागुंडा और कोरोनार के बीच में स्थित हापाटोला के जंगल में नक्सलियों की मौजूदगी की सूचना मिलने के बाद डीआरजी और बीएसएफ की एक संयुक्त पार्टी को मौके पर के लिए रवाना किया गया था. मौके पर पहुंचने के बाद सुरक्षाबल के जवानों ने ईलाके की घेराबंदी करना शुरू किया. इसी दौरान नक्सलियों की नजर सुरक्षाबल के जवानों पर पड़ गई. इसके बाद नक्सलियों ने जवानों पर ताबड़तोड़ फायरिंग करना शुरू कर दिया. हमला होते देख जवानों ने भी मोर्चा संभालते हुए जवाबी कार्रवाई की. इस मुठभेड़ में जवानों ने 18 से ज्यादा नक्सलियों को मार गिराया है. सूत्रों की माने तो इस मुठभेड़ में जवानों ने एक टॉप नक्सली कमांडर शंकर राव को भी मार गिराया है. बताया जा रहा है कि मारे गए उक्त नक्सली कमांडर पर 25 लाख रुपये का ईनाम घोषित था. घटनास्थल से जवानों द्वारा चार एके 47 समेत एलएमजी जैसे ऑटोमेटिक हथियार बरामद किए जाने की खबर मिल रही है. इसके साथ ही इस मुठभेड़ में बीएसएफ के एक इंस्पेक्टर समेत डीआरजी के एक जवान घायल होने की भी खबर मिल रही है. घायल जवानों की स्थिति खतरें से बाहर बताई गई है. बताया जा रहा है कि मारे गए नक्सलियों का आंकड़ा बढ़ने की प्रबल संभावना है. इस मामले को लेकर कांकेर एसपी ने कहा है कि फिलहाल घटनास्थल में सर्च ऑपरेशन जारी है. टीम की वापसी के बाद विस्तृत जानकारी मिल पाएगी.