जगदलपुर (अमन दास मानिकपुरी). आज मंगलवार की दोपहर सुरक्षाबल के जवानों और नक्सलियों के बीच मुठभेड़ हुई थी. जिसमें 18 से ज्यादा नक्सलियों के मारे जाने की खबर मिल रही थी. लेकिन अब पुलिस ने 29 नक्सलियों के मारे जाने की पुष्टि कर दी है. जवानों ने घटनास्थल से मारे गए सभी 29 नक्सलियों के शवों को बरामद कर लिया है.
बता दें कि, आज सुरक्षाबल को बस्तर संभाग के कांकेर जिले के छोटे बैठिया थाना क्षेत्र के बिनागुंडा और कोरोनार के बीच में स्थित हापाटोला के जंगल में बड़े नक्सली लीडरों की मौजूदगी की सूचना मिली थी. सूचना मिलने के बाद बीएसएफ और डीआरजी की एक संयुक्त पार्टी को मौके पर के लिए रवाना किया गया था. मौके पर पहुंचते ही जवानों ने ईलाके की घेराबंदी करना शुरू किया. घेराबंदी के दौरान ही नक्सलियों ने जवानों को देख लिया. जवानों को देखते ही नक्सलियों ने उन पर अंधाधुंध फायरिंग करना शुरू कर दिया. अपने ऊपर हमला होते देख जवानों ने भी मोर्चा संभाल लिया. मोर्चा संभालते ही जवानों ने भी नक्सलियों को मुंहतोड़ जवाब देना शुरू किया. सूत्रों के मुताबिक दो घण्टे से अधिक जवानों और नक्सलियों के बीच मुठभेड़ जारी थी. इसके बाद जवानों को भारी पड़ता देख जंगल का फायदा उठाकर वहां से फरार हो गए. इस मुठभेड़ के दौरान जवानों ने 29 नक्सलियों को ढेंर कर दिया है. सूत्रों की माने तो इस मुठभेड़ में बड़े नक्सली लीडर शंकर राव को जवानों ने ढेंर कर दिया है. मारे गए उक्त नक्सली लीडर पर 25 लाख रुपये का ईनाम था. वहीं इस मुठभेड़ में 3 जवान घायल हुए है. घायल जवानों की स्थिति खतरें से बाहर बताई गई है. मुठभेड़ के बाद जवानों ने ईलाके में सर्च ऑपरेशन चलाया. सर्च ऑपरेशन में जवानों ने मौके पर से 29 नक्सलियों के शवों को बरामद कर लिया है. वहीं जवानों ने घटनास्थल से एके 47, इंसास रायफल, एसएलआर, कार्बाइन, 303 रायफल समेत भारी मात्रा में नक्सलियों का हथियार बरामद किया है. इसके साथ ही घायल जवानों को बेहतर उपचार के लिए हेलीकॉप्टर की मदद से अस्पताल लाने की तैयारी की जा रही है. फिलहाल ईलाके में अभी भी सर्च ऑपरेशन जारी है. सुरक्षाबल के द्वारा मारे गए नक्सलियों की शिनाख्ती की जा रही है. इस पूरे मामले की पुष्टि पुलिस ने की है.