गनपत भारद्वाज, जगदलपुर. जिले में अवैध शराब, अवैध मादक पदार्थों, सट्टा, जुआ और अन्य गैरकानूनी गतिविधियों के खिलाफ पुलिस के द्वारा लगातार अभियान चलाया जा रहा है. इसी क्रम में पुलिस ने बीते कल शुक्रवार को लाखों रुपयों के गांजे की तस्करी कर रहे एक तस्कर को रंगे हाथों गिरफ्तार किया है.

सीएसपी विकास कुमार ने बताया कि पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि नई स्कूटी में सवार एक युवक संदिग्ध सामान लेकर ओड़िसा की तरफ जगदलपुर की ओर जा रहा है. सूचना मिलते ही बस्तर पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों के दिशा निर्देश पर नगरनार टीआई के नेतृत्व में पुलिस की टीम को तत्काल ही धनपुंजी में स्थित फारेस्ट नाका के लिए रवाना किया गया. पुलिस ने नाकेबंदी करते हुए वहां से गुजरने वाले वाहनों की तलाशी लेना शुरू कर दिया. इसी दौरान पुलिस ने ओड़िसा की ओर से आ रहे एक स्कूटी सवार युवक को चेकिंग के लिए रोक लिया. इसके बाद पुलिस ने युवक से पूछताछ करते हुए स्कूटी की तलाशी ली. इस तलाशी में पुलिस ने स्कूटी से लगभग 30 किलो से अधिक मात्रा में गांजा बरामद किया. जिसकी कीमत 3 लाख 50 हजार रुपये आंकी गई है. इसके बाद पुलिस ने युवक को पकड़ लिया. कड़ी पूछताछ में आरोपी अमन गुप्ता निवासी (एमपी) ने अपना जुर्म कबूल कर लिया. आरोपी ने पुलिस को बताया कि वह यह गांजा ओड़िसा से खरीदकर एमपी लेकर जाने की फिराक में था. जुर्म कबूल करते ही पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया. फिलहाल पुलिस ने एनडीपीएस की धारा के तहत मामला दर्ज करते हुए आरोपी को जेल भेज दिया है. वहीं पुलिस ने स्कूटी को भी जब्त कर लिया है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You missed