जगदलपुर (अमन दास मानिकपुरी). लोहंडीगुड़ा थाना क्षेत्र में बीते मंगलवार की देर शाम एक नाबालिक लड़के ने अपने ही चाचा की कुल्हाड़ी मारकर हत्या कर दी है. घटना की सूचना मिलते ही पुलिस के द्वारा नाबालिक को गिरफ्तार करने के बाद आवश्यक कार्रवाई की गई है.
सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार मिचनार निवासी सन्नू कर्मा बीते मंगलवार की देर शाम करीबन 7 बजे अपने भाई मंगलू कर्मा से मिलने उसके घर पहुंचा हुआ था. घर में पहुंचने के बाद सन्नू कर्मा का उसके भाई मंगलू के नाबालिक बेटे के साथ शराब पीने को लेकर विवाद हो शुरू हो गया. सूत्रों के द्वारा बताया गया कि सन्नू का नाबालिक भतीजा धीरे धीरे शराब का आदि होने लगा था. जिसे लेकर अक्सर सन्नू अपने भतीजे को समझाईश देता रहता था. उस शाम भी शराब को लेकर चाचा और भतीजे में विवाद हो गया. विवाद इतना बढ़ गया कि दोनों आपस में हाथापाई करने लगे. इस दौरान परिवार के सदस्यों ने दोनों को समझाने की कोशिश करते हुए बीच बचाओ करने लगे. इसी दौरान नाबालिक भतीजे ने आवेश में आकर घर में रखे डंडे से अपने चाचा की पिटाई कर दी. पिटाई करने के बाद नाबालिक ने घर में ही रखे कुल्हाड़ी से अपने चाचा के सर पर दो बार वार कर दिया. जिसकी वजह से सन्नू कर्मा की मौके पर ही मौत हो गई. घटना के बाद परिजनों ने नाबालिक को पकड़ लिया. पकड़ने के बाद परिजनों ने इस मामले की सूचना पुलिस को दी. सूचना मिलते ही पुलिस ने मौके पर पहुंचकर नाबालिक को गिरफ्तार कर लिया. पुलिस ने नाबालिक के खिलाफ धारा 302 के तहत मामला दर्ज करते हुए आवश्यक कार्रवाई की है. इसके साथ ही पुलिस ने मामले में शामिल कुल्हाड़ी को भी जब्त कर लिया है.