जगदलपुर (अमन दास मानिकपुरी). पुलिस के द्वारा जिले में गैरकानूनी गतिविधियों के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है. इसी क्रम में पुलिस ने आज गुरुवार को वाहन का फर्जी बीमा करने वाले एक आरोपी को गिरफ्तार किया है.
सीएसपी विकास कुमार ने मामले की जानकारी देते हुए बताया कि एक प्रार्थिया ने शुभम तिवारी उर्फ विक्की, जो की वाहनों का बीमा करने वाला एजेंट है, उससे अपने बोलेरो वाहन का बीमा करवाने के लिए 14 हजार 3 सौ रुपये बीमा प्रीमियम के रूप में दिया था. रुपये लेने के बाद शुभम ने प्रार्थिया को बीमा कागज नही दिया. कागज मांगे जाने पर शुभम लगातार प्रार्थिया को टाल मटोल करने लगा. इसी दौरान उक्त बोलेरो वाहन दुर्घटनाग्रस्त हो गई. इस घटना में प्रार्थिया के पति की मौत हो गई. इसके बाद प्रार्थिया ने बीमा क्लेम करने के लिए शुभम से बीमा कागजात की मांग की. जिसके बाद शुभम ने प्रार्थिया को बीमा पॉलिसी का मूल कागज न देकर बीमा कागज का कलर फोटोकॉपी दे दिया. और शुभम ने प्रार्थिया को कहा कि आपका ऑरिजिनल बीमा कागज ऊपर भेज दिया गया है. जिससे प्रार्थिया को बीमा की रकम मिल जाएगी. शक होने पर प्रार्थिया ने पॉलिसी कागज में दिए गए टोल फ्री नम्बर पर कॉल किया. जिससे प्रार्थिया को पता चला कि उक्त बीमा पॉलिसी बोलेरो वाहन का नही है. इसके साथ ही प्रार्थिया के वकील के द्वारा सम्बंधित बीमा कार्यालय में पता करने उक्त पॉलिसी फर्जी होना बताया. जानकारी मिलते ही प्रार्थिया ने कोतवाली थाने में शुभम के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराया. रिपोर्ट दर्ज होते ही पुलिस आरोपी की पतासाजी में जुट गई. इसी दौरान पुलिस ने आरोपी शुभम तिवारी उर्फ विक्की (28) निवासी मोतीलाल नेहरू वार्ड पकड़ लिया. कड़ी पूछताछ में आरोपी ने फर्जी बीमा कागजात प्रार्थिया को देना कबूल कर लिया. जुर्म कबूल करते ही पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया. सीएसपी ने बताया कि आरोपी पहले भी धोखाधड़ी के एक मामले में जेल जा चुका है. फिलहाल पुलिस ने धारा 420, 467, 468, 471 भादवि के तहत मामला दर्ज करते हुए आरोपी को न्यायिक रिमांड में भेज दिया है.