जगदलपुर (डेस्क) – रेलवे प्रशासन द्वारा संजय गांधी वार्ड क्रमांक 34 में किए गए अतिक्रमण हटाओ अभियान के खिलाफ आज शहर जिला कांग्रेस कमेटी ने नगर निगम के समक्ष कड़ा विरोध प्रदर्शन किया. कांग्रेस ने आरोप लगाया कि बिना किसी पूर्व सूचना, पुनर्वास या विस्थापन योजना के 34 परिवारों के मकानों पर बुलडोजर चलाकर उन्हें बेघर कर दिया गया है, जिसे पार्टी ने ‘अन्यायपूर्ण’ और ‘मानवाधिकारों का उल्लंघन’ बताया है.
34 परिवारों को बेघर करने पर आक्रोश
विगत दिनों रेलवे प्रशासन के अधिकारियों ने संजय गांधी वार्ड में निवासरत 34 परिवारों के मकानों पर बुलडोजर चला दिया. इसके अतिरिक्त, 7 अन्य मकानों को हटाने का नोटिस भी दिया गया है. कांग्रेस और पीड़ित परिवारों का कहना है कि ये परिवार वर्षों से यहां रह रहे थे और सभी आवश्यक नगर सेवाओं के लिए भुगतान भी करते थे. बिना किसी वैकल्पिक व्यवस्था के अचानक की गई इस कार्रवाई से ये परिवार खुले आसमान के नीचे रहने को मजबूर हैं.
‘गरीबों से छत छीन रही भाजपा सरकार’ – सुशील मौर्य
शहर जिला कांग्रेस अध्यक्ष सुशील मौर्य ने प्रदर्शन का नेतृत्व करते हुए भाजपा सरकार पर तीखा हमला बोला. उन्होंने कहा, “हर मोर्चे पर विफल भाजपा सरकार अब गरीबों का छत भी छीनने का कार्य कर रही है. प्रधानमंत्री जहां हर गरीब के सर पर छत का वादा करते हैं, वहीं यहां गरीबों के घर से छत छीनी जा रही है.”
सुशील मौर्य ने कहा कि न कोई सूचना दी गई, न कोई पुनर्वास नीति अपनाई गई, और न ही कोई विस्थापन योजना बनाई गई, जिसके कारण 34 परिवार सड़क पर आ गए हैं. उन्होंने चेतावनी दी कि सामने दीपावली का पावन त्यौहार है, और अगर इन पीड़ित परिवारों को न्याय नहीं मिला, तो कांग्रेस का यह प्रदर्शन जारी रहेगा. उन्होंने पीड़ित परिवारों को कांग्रेस का पूर्ण समर्थन देने की घोषणा की.
पार्षद और नेता प्रतिपक्ष ने उठाई आवाज
संजय गांधी वार्ड पार्षद कोमल सेना ने जिला प्रशासन/रेलवे अधिकारियों की कार्रवाई को तत्काल रोकने की मांग की. उन्होंने कहा कि जिन परिवारों के मकान तोड़े जा चुके हैं, उनके लिए तत्काल अस्थायी आवास, भोजन एवं आवश्यक सहायता की व्यवस्था की जाए. उन्होंने मांग की कि यदि यह अतिक्रमण क्षेत्र है, तो भी प्रभावित नागरिकों के लिए उचित पुनर्वास नीति और मुआवजा योजना तैयार की जाए.
नगर निगम नेता प्रतिपक्ष राजेश चौधरी ने भी रेलवे की कार्यवाही को अन्यायपूर्ण बताते हुए कहा कि इन परिवारों की मांगें जायज हैं. उन्होंने सरकार से इन मांगों को संज्ञान में लेते हुए उचित कार्यवाही करने की अपील की, अन्यथा प्रदर्शन जारी रहेगा.
प्रदर्शन में वार्ड के पीड़ित परिवारों के साथ बड़ी संख्या में कांग्रेस पार्षदगण, पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित रहे.